Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 9-July-2025: बिहार में इस बार मानसून की बेरुखी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जहां जुलाई का महीना आमतौर पर राहत भरी बारिश लेकर आता है, वहीं इस बार गर्मी मई जैसी तीखी महसूस की जा रही है और बारिश की कमी 48 फीसदी तक पहुंच गई है। राज्य में अब तक सामान्य 252.2 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 130.1 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है।
उत्तर बिहार में बिगड़े हालात
उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में हालात बेहद चिंताजनक हैं। मधेपुरा, चंपारण, समस्तीपुर, शिवहर, बेगूसराय, खगड़िया, मधुबनी, सुपौल, दरभंगा, वैशाली, पूर्णिया, गोपालगंज और अररिया जैसे जिलों में 50 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है।
पारा पहुंचा 40 डिग्री पार
पिछले कई दिनों से आसमान साफ और धूप तीखी बनी हुई है, जिससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। गोपालगंज में सबसे अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि पटना, दरभंगा, छपरा, मधुबनी और बक्सर जैसे जिलों में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
आज कैसा रहेगा मौसम
9 जुलाई को मौसम विभाग ने भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल सहित उत्तर बिहार के 19 जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना जताई है। पटना और गया सहित अन्य 13 जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम अभी भी शुष्क बना रहने का अनुमान है।
आज गया, नवादा, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
