पटना

Bihar Weather: बिहार में मानसून मार सकता है पलटी, आज से बदलेगा मौसम; जानें कहां है बारिश की संभावना

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 6-September-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग ने 8 से 10 सितंबर के बीच राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और गरज के साथ हवाएं चलने की संभावना जताई है। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और सतर्कता बरतने की अपील की गई है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम।

Image

आज से बिहार में बदलेगा मौसम

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 6-September-2025: बिहार में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, 8 से 10 सितंबर के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका अधिक जताई गई है।

आज से बदलेगा मौसम

आज, शनिवार को राजधानी पटना समेत बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में बादल छाए रहने, मेघ गर्जन, तेज हवाएं चलने और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जिससे पेड़ गिरने या बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसे खतरे भी बढ़ सकते हैं।

उमस और गर्मी से मिल सकती है राहत

गर्मी और उमस से पहले से ही परेशान बिहारवासियों के लिए यह बारिश थोड़ी राहत लेकर आ सकती है। शुक्रवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मानसूनी सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। उमस की वजह से लोग मानसिक और शारीरिक रूप से बेहाल हैं। लगातार पसीने और तापमान की तीव्रता ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।

कहां-कहां हुई बारिश

बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई। पटना जिले के मसौढ़ी में सर्वाधिक 24.2 मिलीमीटर बारिश हुई। सिवान के रघुनाथपुर में भी इतनी ही वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पटना के दुल्हिन बाजार में 22.2 मिमी, बक्सर के राजपुर में 21.6 मिमी, पटना के नौबतपुर में 20 मिमी, जहानाबाद के मोदनगंज में 19.4 मिमी, बिहटा में 15.2 मिमी, सिवान के सिसवन में 12.6 मिमी, खगड़िया के परबत्ता में 12.2 मिमी, जहानाबाद में 11 मिमी, रोहतास के करघर में 10.8 मिमी, भागलपुर के सुल्तानगंज में 8.6 मिमी, औरंगाबाद के देव में 6.8 मिमी, भोजपुर के आरा में 6.4 मिमी, गोपालगंज में 6.2 मिमी और गया के अतरी में भी 6.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

सोमवार से होगी भारी बारिश

मौसम विभाग ने 8 सितंबर, सोमवार से बिहार के कई जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेष रूप से जमुई, बांका और पश्चिम चंपारण में तेज बारिश के साथ वज्रपात और गरज की आशंका जताई गई है। इन जिलों में जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है, क्योंकि लगातार बारिश से जलजमाव, बिजली आपूर्ति में बाधा और सड़क यातायात में दिक्कतें आ सकती हैं।

आज कहां हो सकती है बरसात

6 सितंबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। वहीं पटना और उसके आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे आने वाले दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट हो सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article