Sunita Ahuja on Nepal Flood: सुपरस्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा (Sunita Ahuja) अक्सर अपने बेबाक अंदाज और बयानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। पिछले कुछ समय से गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर भी तरह-तरह की खबरें सामने आ रही हैं। दोनों के बीच दूरियां बढ़ने की चर्चाओं ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है और लोग लगातार उनके रिश्ते को लेकर बात कर रहे हैं। हालांकि, इन सबके बीच सुनीता आहूजा ने अब एक अलग वजह से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Esha Deol की बॉलीवुड में वापसी, ‘मालामाल वीकली 2’ में आएंगी नजर)
सुनीता आहूजा का छलका दर्द
गोविंदा की पत्नी और अभिनेत्री सुनीता आहूजा ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर दुख जताया है। हालांकि सुनीता का जन्म भारत में हुआ है, लेकिन उनका नेपाल से गहरा पारिवारिक रिश्ता है। उनकी मां और दादी काठमांडू से हैं। हाल ही में उन्होंने नेपाल को अपनी ‘मातृभूमि’ बताते हुए आपदा से प्रभावित लोगों की मदद करने की बात कही। बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में सुनीता ने नेपाल-तिब्बत क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ से हुई तबाही पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि वह हर साल नए साल पर अपनी बेटी के साथ नेपाल जाती हैं। 1 जनवरी को वह पशुपतिनाथ मंदिर जाकर भगवान का आशीर्वाद लेती हैं। सुनीता ने कहा कि नेपाल में आई इतनी भयानक बाढ़ को देखकर उनका दिल टूट गया है। उन्होंने बताया कि उनका जन्म नेपाल में नहीं हुआ, लेकिन उनकी मां और दादी काठमांडू से हैं। इसी वजह से नेपाल उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की इच्छा भी जताई। सुनीता ने कहा कि वह ऐसे लोगों से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं, जो यह सुनिश्चित कर सकें कि उनका दिया हुआ दान सही जरूरतमंदों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह अपनी क्षमता के अनुसार ज्यादा से ज्यादा मदद करना चाहती हैं, क्योंकि नेपाल उनके बेहद करीब है और वह इसे अपनी मातृभूमि मानती हैं।
सुनीता ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोगों से भी आगे आकर नेपाल के लोगों की मदद करने की अपील की। इसके अलावा सुनीता ने अभिनेत्री मनीषा कोइराला का भी जिक्र किया। उन्होंने मनीषा को अपनी बहन बताते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मनीषा भी नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं।
