शहर

दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश ने दी दस्तक; ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी

दिल्ली-NCR में बदले मौसम के बीच कई इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक ने दस्तक दी है, जिससे तापमान में गिरावट के साथ लोगों को राहत मिली है। बारिश के कारण जहां मौसम सुहाना हुआ है, वहीं जलभराव और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है।

Image

दिल्ली-एनसीआर में शुरू हुई झमाझम बारिश (AI फोटो)

Photo : Twitter

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ली है और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है।

बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। बदलते मौसम के बीच मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज तो कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी होने से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में कल 2 सितंबर को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ मध्यम बारिश भी हो सकती है। इसके बाद दोपहर से शाम के बीच एक बार फिर कई जगहों पर हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। हवा की दिशा में भी बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से 18 किमी प्रति घंटे तक, जबकि शाम और रात में इसी दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटे की गति से चलने का अनुमान है।

दिल्ली में 3 सितंबर का मौसम कैसा रहेगा?

वहीं परसो 3 सितंबर को भी दिल्ली में आसमान बादलों से घिरे रह सकता है। राजधानी के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जबकि अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। हवाओं की बात करें तो सुबह पश्चिम दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की गति बढ़कर करीब 18 किमी प्रति घंटे हो सकती है। वहीं, शाम और रात के दौरान दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article