Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-July-2025: जुलाई का महीना खेती-किसानी का होता है, लेकिन इस बार बिहार में मानसून में कुछ सुस्ती दिखाई दे रही है। जिस समय धान की रोपाई के लिए अच्छी बारिश की जरूरत होती है लेकिन बादल अब तक मेहरबान नहीं दिखाई दे रहे हैं। आंकड़ों की मानें तो बिहार में अब तक सामान्य से 53 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम
आज, रविवार को राज्य के राज्य के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों के एक या दो स्थानों पर बादलों की चमक-गरज के साथ ठनका और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों में मौसम को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बाकी जिलों में मौसम के लगभग सूखा ही रहने का अनुमान है।
कब आएगी बारिश
मौसम विभाग के हिसाब से फिलहाल बिहार के आसमान में बारिश लाने वाला कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। हालांकि, 15 जुलाई से राज्य में मौसम बदलने की संभावना है। पटना स्थित IMD कार्यालय के मुताबिक, 15 जुलाई के बाद से बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तापमान में फिर दिखी तेजी
बारिश की कमी से बिहार में तापमान भी तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले दिनों एक-दो दिन की बारिश ने राहत दी थी, लेकिन अब फिर गर्मी लौट आई है। 12 जुलाई को बिहार का सर्वाधिक तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार के बाद दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
