Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 03-June-2025: बिहार में आज मौसम की चाल बदली हुई है। यहां दिन गर्म लेकिन रात में ठंडी हवाओं और बारिश के कारण ठंडक महसूस की जा रही है। लेकिन बारिश और तेज हवाओं का ये दौर भी केवल दो दिन का ही मेहमान है। क्योंकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हॉट डे का अलर्ट भी जारी किया है। उस दौरान 4 से 5 डिग्री तापमान में वृद्धि देखी जा सकती है। बताया जा रहा है कि बिहार में मानसून की दस्तक 10 से 12 दिन में हो सकती है। उसके बाद यहां भारी बारिश का दौर शुरू होगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिलेगी।
बिहार के 14 जिलों में तेज हवाओं के साथ बरसेगा पानी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के 14 जिलों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। प्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सिरोही, सीतामढ़ी, सुपौल, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, भोजपुर और पटना में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चलेंगी और सीमांचल क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
6 जून को हॉट डे का अलर्ट जारी
मौसम विभाग की मानें तो दो दिन तक तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहेगा। लेकिन दो दिन बाद यानी 6 जून को प्रदेश में हॉट डे का अलर्ट जारी किया है इस दौरान तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी और गर्मी से लोगों का हाल बेहाल होने लगेगा। बता दें कि मौसमी गतिविधियों को देखते हुए बिहार में मानसून के जल्द आने की संभावना थी, लेकिन पछुआ हवाओं ने इस संभावना को खत्म कर दिया है। जिसके अनुसार, बिहार में मानसून अब अपने तय समय पर ही आएगा।
