Pakadwa Vivah: बिहार में अक्सर अजब-गजब वाकये सुनने और देखने को मिलते रहते हैं। राज्य में कई ऐसे प्रचलन आज भी जिंदा हैं, जिन्हें मिटा पाना मुश्किल है। जी, हां 1970-80 के दशक में पकड़ौआ विवाह का प्रचलन जोरों से चल रहा था, लेकिन ऐसी घटनाएं आज भी बीच-बीच में सुनने को मिलती रहती हैं। कुछ उसी तरह की पुनरावृत्ति फिर देखने को मिली है। जिसमें लड़के पक्ष का आरोप है कि उसकी जबरन पकड़ौआ शादी की गई है। वहीं, लड़की पक्ष के लोगों ने इस आरोप को निराधार बताते हुए लव मैरिज करार दिया है। लड़की के घरवालों का मानना है लड़का और लड़की आपस में प्रेम करते थे। आरोप यह भी है कि पिछले दिनों लड़का रिंटू कुमार लड़की को भगा कर ले गया था। इस मामले में थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई गई थी। जब पुलिस ने लड़के को वापस बुलाया तो लड़की के परिजनों ने दोनों की राजी खुशी से शादी कर दी। आइये जानते हैं पूरा मामला क्या है?
पंचायत में कार्यरत है राजस्व कर्मचारी
मामला बिहार के तीन जिलों से संबंधित बताया जा रहा है, जिसमें बेगूसराय, समस्तीपुर और सीतामढ़ी का जिक्र है। दरअसल, लड़का यानी दूल्हा रिंटू कुमार बेगूसराय जिले के छौराही थाना क्षेत्र स्थित पतला गांव का निवासी है। वह वर्तमान में सीतामढ़ी के रुन्नी सैदपुर पंचायत में बतौर राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। जबकि, लड़की चंद्रकला रानी समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पिछले दिनों चंद्रकला रानी के अभिभावक रिंटू कुमार के यहां शादी का रिश्ता लेकर गए थे, लेकिन रिंटू कुमार के द्वारा अभी शादी करने से इनकार कर दिया गया था।ऐसे बढ़ी नजदीकी
पता ये भी चल रहा है कि पिछले दिनों रिंटू कुमार छुट्टी पर अपने घर आए थे तब चंद्रकला रानी को भी उसके परिजनों ने अपने एक रिश्तेदार के यहां छौराही थाना क्षेत्र के पतला गांव भेज दिया था, जहां पर दोनों की मुलाकात भी हुई थी और रिंटू कुमार को चाय पर भी बुलाया गया था। उसके बाद चंद्रकला रानी के परिजनों ने कहा था कि चंद्रकला रानी की परीक्षा का सेंटर सीतामढ़ी में पड़ा है। लिहाजा, उसकी मदद के लिए रिंटू कुमार राजी हो गया।
मंदिर में शादी करवा दी
कहा जा रहा है कि चंद्रकला रानी को उसके परिजनों ने सीतामढ़ी भेजकर रिंटू कुमार के पास छोड़ दिया और विभूतिपुर थाने में अपहरण का मामला भी दर्ज करवा दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और इसी क्रम में जब पुलिस ने रिंटू कुमार से मोबाइल पर संपर्क स्थापित किया गया तब रिंटू कुमार चंद्रकला रानी को लेकर विभूतिपुर थाने पहुंच गया, जहां पर पहले से ही लड़की के परिजन मौजूद थे। लिहाजा, वहीं एक मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई। इस मामले में लड़का एवं लड़की पक्ष के अपने-अपने दावे हैं।
