Bihar Bridge Collapse: 22 मार्च को बिहार में राज्य का सबसे बड़ा उत्सव 'बिहार दिवस' मनाया जा रहा है और इसी दिन सुबह एक दुखद हादसा हो गया। बिहार के सुपौल में एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिर गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है और नौ लोग घायल बताए जा रहे हैं।
आपको बता दें कि यह पुल देश का सबसे बड़ा निर्माणाधीन पुल है, जो कोसी नदी पर बन रहा है। इस पुल की लंबाई 10.5 किलोमीटर है और यह सुपौल के बकौर से मधुबनी के भेजा के बीच बन रहा है। इसका निर्माण भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। सुपौल में इस पुल के गिरने से बिहार के कई बड़े पुल गिरने की घटनाएं ताजा हो गई।

बिहार में पुल टूटने की घटना।
बिहार के बड़े पुल हादसे
22 मार्च, 2024: बिहार के सुपौल में 10.5 किमी लंबे निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरा। 1200 करोड़ की लागत से इसका निर्माण कार्य हो रहा है।
04 जून, 2023: बिहार के सुल्तानगंज में अगवानी घाट पर निर्माणाधीन पुल गिरा था। इसका निर्माण कार्य करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा था।
19 मार्च, 2023: बिहार के सारण में अंग्रेजों के जमाने का पुल टूट गया था। इसमें दो लोग घायल हुए थे। बताया जाता है कि इस पर अधिक लोड पड़ने से यह गिरा था।
19 फरवरी, 2023: पटना के बिहटा इलाके में एक निर्माणाधीन पुल गिर गया था। इसका निर्माण कार्य बिहटा-सरमेरा फोर लेन पर चल रहा था।
16 जनवरी, 2023: बिहार के दरभंगा जिले में एक पुल भरभरा कर गिर गया था। यह हादसा तब हुआ था, जब एक ट्रक इस पुल से गुजर रहा था।
18 नवंबर 2022: बिहार के नालंदा में एक निर्माणाधीन पुल टूटकर गिर गया था। इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इसका निर्माण वेना ब्लाक में एक फोर लेन सड़क पर हो रहा था।
09 जून, 2022: बिहार के सहरसा में पुल का एक हिस्सा नदी में गिर गया था। यह हादसा सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड में हुआ था। इसमें तीन मजदूर घायल हो गए थे।
20 मई, 2022: पटना के फतुहा में 136 साल पुराना पुल टूटकर नदी में गिर गया था। पुल से एक ट्रक गुजर रहा था, तभी हादसा हुआ था और इसमें ट्रक ड्राइवर और खलासी घायल हुए थे।
30 अप्रैल, 2022: भागलपुर में भागलपुर-खगड़िया सड़क पुल को जोड़ने वाला टूट गया था। यह पुल इससे पहले भी एक बार और टूट चुका था।
बता दें कि बिहार में पुल टूटने की ये पिछले दो साल की घटनाएं हैं, जब अलग-अलग हिस्सों में कभी निर्माणाधीन पुल, तो कभी कोई पुराना पुल टूट गया और इसमें कई लोग हताहत हुए हैं।
