पटना

Bihar Election: अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद DGP ने की शांति बनाए रखने की अपील, चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 2, 2025, 03:11 PM IST

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले मोकामा हत्याकांड और अन्य मामलों को लेकर डीजीपी विनय कुमार ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अब तक 80 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह भी शामिल हैं। चुनाव आयोग की निगरानी में लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। डीजीपी ने युवाओं को भावावेश से बचने और शांतिपूर्ण मतदान की अपील की।

Image

बिहार DGP ने की युवाओं से खास अपील (चित्र साभार: IANS)

Photo : IANS

Bihar Chunav 2025: गुरुवार को शुरू हो रहे बिहार विधानसभा 2025 चुनाव से ठीक पहले मोकामा और अन्य क्षेत्रों में उठे कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर डीजीपी विनय कुमार ने स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि जो भी अपराध या उपद्रवी गतिविधियां होंगी, उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी।

80 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार

डीजीपी विनय कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बताया कि मोकामा हत्याकांड और अन्य मामलों में दर्ज विभिन्न कांडों के आधार पर अब तक 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को इनमें जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस की छापामारी और गिरफ्तारियां जारी रहेंगी।

अधिकारियों पर भी नजर

विनय कुमार ने कहा, "जो घटना की प्रथम दृष्टया जानकारी मिली, उसी आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। चुनाव आयोग की तरफ से भी पूरी पैनी नजर रखी जा रही है। जो अधिकारी लापरवाह पाए गए हैं, उनके खिलाफ निलंबन और स्थानांतरण की कार्रवाई की गई है।"

युवाओं को दी सलाह

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग, राज्य सरकार और बिहार पुलिस किसी भी उपद्रवी तत्व को बख्शने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने कहा, "जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। जो भी कानून को हाथ में लेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। युवा भावावेश में आकर इस तरह की गतिविधियों में शामिल न हों, वरना उनका भविष्य बर्बाद हो सकता है।" विनय कुमार ने जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी शांतिपूर्ण और बुद्धि-विवेक के साथ मतदान करें। किसी भी तरह का हस्तक्षेप कानून के दायरे में आएगा और कार्रवाई की जाएगी।

'सुरक्षित तरीके से संपन्न होगा चुनाव'

डीजीपी ने चुनाव तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पहले चरण के चुनाव के लिए हर बूथ पर पैरामिलिट्री फोर्स और पेट्रोलिंग की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं और चुनाव पूरी तरह सुरक्षित तरीके से संपन्न होगा। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को बिहार में रोड शो को लेकर कहा कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह से तैयार हैं।

End of Article