पटना

Bihar Weather: बिहार में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी, 23 जिलों में आंधी-तूफान और बरसात की संभावना

3 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): बिहार में मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम ने कुछ दिनों से करवट बदली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 7 मई तक राज्य का मौसम इसी प्रकार रहने की संभावना है। आज भी राज्य के 23 जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और ठनका गिरने की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर IMD ने यलो अलर्ट जारी किया है। 7 मई के बाद तापमान में तेजी से वृद्धि होने की उम्मीद है।

Image

बिहार में आज के मौसम की अपडेट

Photo : Times Now Digital

3 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): बिहार में इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कुछ जगहों पर बादल छाए हुए हैं, तो कुछ क्षेत्रों में गरज-तड़क के साथ बारिश हो रही है। वहीं, कई जिलों में तेज धूप निकली हुई है, जिससे दोपहर की गर्मी इतनी तेज हो गई है कि बाहर निकलना कठिन हो रहा है। अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मई माह में पूर्वी हिस्सों के अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है, जबकि उत्तर मध्य भागों में सामान्य और पटना सहित अन्य स्थानों पर सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। पश्चिमी क्षेत्रों में दो से तीन दिन लू और हीटवेव चलने की संभावना है, जबकि बाकी इलाकों में गर्म हवाएं जारी रहेंगी।

23 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों में पटना सहित 23 जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने के साथ वज्रपात और मेघ गर्जन होने की संभावना है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 मई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा और गरज-तड़क का अनुमान लगाया गया है। इस दौरान मौसम सामान्य बना रहने की संभावना है।

24 घंटों में यहां हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान, पटना के मनेर और मसौढ़ी समेत बेगूसराय, जहानाबाद, बांका, जमुई, नवादा, गया, भागलपुर और मुंगेर के विभिन्न हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। बेगूसराय के मटियानी में सबसे अधिक 42.6 मिमी बारिश हुई, जबकि पटना के मनेर में 38.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गोपालगंज में सर्वाधिक 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

तापमान का हाल

बिहार की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि गया में तापमान थोड़ा अधिक रहा, जहां अधिकतम 35.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर में तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 21.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम दर्ज किया गया, वहीं मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इन प्रमुख शहरों में तापमान के इस अंतर से मौसम की विविधता को समझा जा सकता है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article