Nawada Firing: बिहार और आपराधिक घटनाएं दिनबदिन पर्याय बनते जा रहे हैं। एक ताजा मामला नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र से आया है। यहां दरबारी चौक स्थित दरबारी भवन में रविवार को एक सनसनीखेज घटना घटी, जहां छह हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यवसायी और उनके भाई पर फायर किया। इस हमले में दोनों भाई बाल-बाल बच गए। यह पूरी घटना पास के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
क्या हुआ घटनास्थल पर
पीड़ित नीरज प्रकाश ने बताया कि दो बाइक पर सवार छह युवक दुकान में स्विच लेने के बहाने दाखिल हुए। संदेहास्पद व्यवहार के कारण जब दुकान बंद करने की बात कही गई, तो विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में दो युवकों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि गोली नहीं लगी लेकिन हाथापाई में वह मामूली रूप से घायल हो गए। दुकानदार ने साहस दिखाते हुए एक हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बाकी युवक पिस्टल तानकर उसे छुड़ा कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में तेजी
सूचना मिलने पर हिसुआ थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक हेलमेट बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हमला लूट की नीयत से किया गया था। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पीड़ित ने बताया कि सभी हमलावरों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच थी और वे हथियारों से लैस थे।
