पटना

Bihar: युवाओं को रोजगार नहीं! नीतीश के मंत्री 57 साल में बन गए प्रोफेसर, राजनीति छोड़ेंगे नहीं; पढ़ाएंगे पॉलिटिकल साइंस

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी 57 साल की उम्र में सहायक प्रोफेसर पद के लिए चुने गए हैं। उनका चयन अनुसूचित जाति कोटे से हुआ है। हालांकि, वह राजनीति नहीं छोड़ेंगे और सहायक प्रोफेसर के तौर पर कोई वेतन भी नहीं लेंगे। इस चयन पर विपक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार नशीब नहीं है और मंत्री जी आरएसएस कोटे से प्रोफेसर बन गए।

Image

नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी बने असि. प्रोफेसर

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रमुख सहयोगी अशोक चौधरी असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने उन्हें सहायक प्रोफेसर के पद के लिए चयनित किया है। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य मंत्रिमंडल में वरिष्ठ मंत्री 57 वर्षीय चौधरी ने पांच साल पहले इस पद के लिए आवेदन किया था। उनका चयन अनुसूचित जाति कोटे से हुआ है। वह राजनीति नहीं छोड़ेंगे और सहायक प्रोफेसर के तौर पर कोई वेतन नहीं लेंगे।

क्या बोले अशोक चौधरी

अशोक चौधरी ने फोन पर एक समाचार एजेंसी को बताया कि ‘‘मेरे पिता ने मुझे राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया था कि मैं राजनीति में एक मजबूत आधार तैयार करूं। यही वजह है कि राजनीति में आने से पहले मैंने मगध विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्री हासिल की थी। उल्लेखनीय है कि अशोक चौधरी के दिवंगत पिता महावीर चौधरी 1980 के दशक में बिहार में कांग्रेस के शासन के दौरान मंत्री थे। उनकी बेटी शांभवी समस्तीपुर से लोक जनशक्ति (रामविलास) की मौजूदा सांसद हैं।

अशोक चौधरी ने सहायक प्रोफेसर के पद पर चयन को लेकर कहा, ‘‘राजनीति में रहते हुए भी मुझमें अकादमिक रुचि बनी रही। मेरे कई शोध पत्र प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। कुछ वर्ष पहले, मुझे हार्वर्ड विश्वविद्यालय द्वारा स्वतंत्र भारत में अनुसूचित जाति की महिलाओं पर एक शोध पत्र पढ़ने के लिए आमंत्रित किया गया था, जो मेरे डॉक्टरेट थीसिस का विषय भी था। इसलिए जब 2020 में पद की भर्ती निकली, तो मैंने आवेदन करने का फैसला किया। कल मुझे पता चला कि मैं भाग्यशाली उम्मीदवारों में से एक था।

कांग्रेस ने पूछा सवाल

इस बीच, कांग्रेस ने चौधरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। लेकिन अशोक चौधरी आरएसएस कोटे से 57 साल की उम्र में प्रोफेसर बन गए।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article