देश

टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश में नया मोड़, हथियार सप्लाई करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी, मुंबई की टीम ने अदालत में आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लेने और औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। अदालत ने अर्जी मंजूर कर ली।

Image

टाइगर श्रॉफ पर कथित हमले की साजिश में नया मोड़

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में हथियारों की सप्लाई करने वाले मॉड्यूल का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले कुनाल और सुमित के अलावा उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा और बबीता शामिल हैं। आरोप है कि इस मॉड्यूल के जरिए अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस मुंबई पहुंचाए गए थे।

चारों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी, मुंबई की टीम ने अदालत में आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लेने और औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। अदालत ने अर्जी मंजूर कर ली। इसके बाद मुंबई पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया और तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड भी हासिल कर ली।

एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए मिल रहे थे निर्देश

जांच के मुताबिक, कुनाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद हरसाना गांव के एक दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात अनिल पंडित से हुई। दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए बातचीत होने लगी। आरोप है कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुनाल अमृतसर गया और वहां से एक पिस्टल व 20 कारतूस लेकर आया। करीब दो महीने पहले कुनाल की मुलाकात राधा से हुई थी। उसने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और उसे अपने साथ जोड़ लिया। आरोप है कि कुनाल ने राधा को हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया।

दो महिलाओं के जरिए मुंबई पहुंचाया हथियार

जांच में सामने आया कि 15 अक्टूबर को कुनाल, राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा। पिस्टल राधा के बैग में रखी गई थी। इसके बाद दोनों महिलाएं ट्रेन से मुंबई के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान कुनाल एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए उनके संपर्क में रहा और अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा। 17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में ठहरीं। आरोप है कि उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया। पुलिस इस पूरी कड़ी की जांच कर रही है कि हथियार आगे किसे और कैसे सौंपा गया।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!