पटना : बिहार में पिछले 48 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि सबसे ज्यादा छह-छह लोगों की मौत नालंदा व वैशाली जिलों में हुई। वहीं शेखपुरा में पांच, पटना व औरंगाबाद में तीन-तीन, नवादा व बांका में दो-दो लोगों की मौत हुई। इसके अलावा, भोजपुर, भागलपुर, रोहतास, गयाजी, समस्तीपुर और जमुई जिलों में छह लोगों की मौत हुई।
भाषा के हवाले से बिहार के विभिन्न जिलों में अप्रैल में आकाशीय बिजली और तूफान की चपेट में आने से 90 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी तथा फसलों व घरों को भी भारी नुकसान हुआ था।
कल कैसा रहेगा बिहार का मौसम
बिहार में मानसूनी बारिश से मौसम काफी सुहावना है। हालांकि, आंधी-तूफान और ठनका ने भी कहर बरपा रखा है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से करीब 20 से अधिक लोगों की मौत की खबर है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान गया, पटना, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, अररिया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और दरभंगा समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट घोषित है।
