शहर

Patna News: कैबिनेट विस्तार से पहले पानी-पानी पटना, भारी बारिश से गांधी मैदान बना तालाब!

बिहार में गुरुवार 7 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार होना है। इसके लिए गांधी मैदान में कार्यक्रम होगा, जिसमें पीएम मोदी भी शामिल होंगे। लेकिन आज हुई भारी बारिश से वहां पानी भर गया है।

Image

पटना में बारिश से गांधी मैदान में भरा पानी

बिहार में कल यानी गुरुवार 7 मई को कैबिनेट विस्तार होना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट के नए मंत्री कल शपथ लेंगे, जिसके लिए गांधी मैदान में तैयारियां जोरों पर है। इस बीच आज यानी बुधवार 6 मई को बिहार के कई अन्य शहरों के साथ ही पटना में भी जमकर बारिश हुई है। भारी बारिश के चलते जगह-जगह पानी जमा (waterlogging) हो गया है। जिस ऐतिहासिक गांधी मैदान में कल शपथग्रहण कार्यक्रम होगा, उसमें भी पानी भर गया है।

बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में कल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल होने के लिए पटना जा रहे हैं। पीएम मोदी गुरुवार को पटना में एक रोड शो भी करेंगे। यह रोड शो पटना एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक होगा। बारिश के चलते गांधी मैदान सहित पटना में कई जगह पानी भर गया है। शहरी निकाय की टीमें वॉटरलॉगिंग की समस्या से निजात पाने के लिए लगातार जुटी हुई हैं।

मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि बुधवार 6 और गुरुवार 7 मई को पटना सहित बिहार के कई शहरों और जिलों में भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विभाग ने आज बिहार के 15 जिलों में आंधी, तेज बारिश और ठनका गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।

सुपौल, अररिया और खगड़िया में तेज बारिश हुई, जबकि राजधानी पटना, कटिहार, नालंदा सहित कई जिलों में आज सुबह से ही बादल छाए हुए थे। ठंडी हवाएं चल रही थीं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि दिनभर कई जिलों में बादल, गरज और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक कल गुरुवार 7 मई तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। पटना में 6 से 9 मई तक आंशिक बादल, गरज और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना भी जतायी गई है। हालांकि, 8 मई के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव होने की बात कही गई है। लेकिन अगले 48 घंटे अलर्ट पर रहने की भी सलाह दी गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article