Cabinet Oath Ceremony: बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान (Gandhi Maidan) में जल्द ही मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है। इसको लेकर पटना में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समारोह को ध्यान में रखते हुए गांधी मैदान को फिलहाल आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 6 मई के बाद कभी भी शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां
प्रशासन की ओर से शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के लिए यहां बड़ी संख्या में मेहमानों और नेताओं के आने की संभावना है। जिसके लिए यहां विशाल हैंगर लगाया जा रहा है, ताकि उनके बैठने की व्यवस्था की जा सके। साथ ही सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी भी कार्यक्रम में हो सकते हैं शामिल
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना है। उनके साथ ही देश के कई बड़े नेता भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। बताया जा रहा है कि मई महीने के पहले सप्ताह में ही शपथ ग्रहण आयोजित किया जा सकता है। हालांकि अभी तक कार्यक्रम की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं हुई है।
15 अप्रैल को बिहार के नए सीएम बने सम्राट चौधरी
बिहार में 15 अप्रैल को हुए शपथ ग्रहण समारोह में सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और पदभार संभाला। उनके साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने मंत्री पद की शपथ ली थी। उन्हें बिहार के उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां चल रही हैं। जल्द ही इसकी तारीख की घोषणा हो सकती है।
