शहर

Patna News: अनीसाबाद के शालीमार कोल्ड स्टोरेज में मिली भारी गड़बड़ी, चूहों की बीट के बीच रखी मिठाइयां जब्त

पटना के अनीसाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में बड़ा खुलासा हुआ है। पूजा के फूलों के साथ अंडा, मांस-मछली और गंदे माहौल में पुरानी मिठाइयां रखी पाई गईं।

Image

पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी

बिहार की राजधानी पटना में लोगों की धार्मिक आस्था और स्वास्थ्य दोनों के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। कोल्ड स्टोरेज में पूजा के फूलों के साथ अंडा, मांस और मछली जैसे नॉनवेज खाद्य पदार्थ रखे पाए गए हैं। इतना ही नहीं, आगामी त्योहारों और दीपावली के सीजन में बाजारों में खपाने के लिए भारी मात्रा में पुरानी और दूषित मिठाइयों को भी डंप करके रखा गया था। यह बड़ा खुलासा अनीसाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की गई औचक छापेमारी में हुआ है।

चूहों की बीट और गंदगी के बीच रखी मिलीं मिठाइयां

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मुकेश कश्यप के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। जिस कोल्ड स्टोरेज परिसर में पूजा-अर्चना में इस्तेमाल होने वाले फूलों को सुरक्षित रखा जाता था, उसी जगह पर अंडे, मछली और मांस का भंडारण किया जा रहा था। त्योहारों के मौके पर पटना वासियों की थाली तक पुरानी और बासी मिठाइयां पहुंचाने की बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। जांच में रसगुल्ले और अन्य मिठाइयों के डिब्बों के आसपास भारी गंदगी और चूहों का मल (बीट) बिखरा हुआ मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मुकेश कश्यप ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में भंडारण के नियमों का पूरी तरह से उल्लंघन किया जा रहा था। पूजा के फूलों के साथ नॉनवेज सामग्री और दूषित माहौल में मिठाइयां रखी पाई गई हैं। नमूने लेकर पूरी सामग्री को जब्त किया जा रहा है और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सामग्री जब्त, जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाइयों और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजने के साथ ही बड़े पैमाने पर स्टॉक को जब्त कर लिया है। अब विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इस घटिया और अस्वास्थ्यकर भंडारण के पीछे किसकी मिलीभगत थी, क्या पटना के नामी मिठाई विक्रेताओं के जरिए इन पुरानी और दूषित मिठाइयों को त्योहारों के बाजार में बेचने की तैयारी थी, कोल्ड स्टोरेज के मालिकों और संबंधित व्यापारियों के लाइसेंस रद्द करने और FIR दर्ज करने की क्या प्रक्रिया होगी?

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article