Khunti Accident: झारखंड के खूंटी जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) ने इस भयावह दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर जमा लोगों की भीड़ को कुचल दिया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
कैसे हुआ यह भीषण हादसा?
पुलिस और चश्मदीदों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना दो चरणों में घटी, जिसने चंद मिनटों में कई परिवारों को उजाड़ दिया। कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सबसे पहले एक स्कूटी चालक दुर्घटना का शिकार होकर सड़क पर गिर गया और घायल हो गया था। स्कूटी चालक को दुर्घटनाग्रस्त देख आसपास के लोग और राहगीर उसकी मदद के लिए तुरंत मौके पर जमा हो गए और हालात का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक अनियंत्रित ओवरस्पीड ट्रक वहां से गुजर रहा था। ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और स्कूटी दुर्घटना के बाद मदद के लिए जमा हुई भारी भीड़ को बेरहमी से कुचलते हुए निकल गया।
हादसे में 7 की मौत
इस हादसे में 7 लोगोंं की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से सभी 7 शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एकमात्र व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी ड्राइवर को पकड़ने के लिए इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है।
