जयपुर : राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ, जिसमें 82.32 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। अधिकारियों ने बताया कि 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और दोपहर एक बजे तक 46.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अपराह्न तीन बजे तक यह आंकड़ा 63.61 प्रतिशत हो गया। शाम छह बजे तक के निर्धारित समय में 82.32 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।
कहां सबसे अधिक मतदान
उन्होंने बताया कि इस दौरान हनुमानगढ़ की पल्लू पंचायत समिति में सबसे अधिक 92.05 प्रतिशत, जबकि बालोतरा की समदड़ी पंचायत समिति में सबसे कम 64.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चरण में 3,716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ। यहां एक करोड़ से अधिक मतदाताओं के लिए 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना हुई और नतीजे घोषित किए जाने लगे। उल्लेखनीय है कि राज्य में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जा रही है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले तीन चरणों का मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और तीन नवंबर को हुआ था। पंच और सरपंच पदों के लिए पहले दो चरणों का मतदान 24 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को हुआ था, जबकि उप-सरपंच पदों के चुनाव 25 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को हुए थे।
उप-सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा, जबकि 17 नवंबर को उप-सरपंच चुने जाएंगे। चारों चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव 25 और 26 नवंबर को होंगे, जबकि पंचायत समिति प्रधान और उप-प्रधान के चुनाव क्रमशः 27 और 28 नवंबर को कराए जाएंगे।
