दुनिया

अब राष्ट्रीय स्मारक होंगे व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस-कैबिनेट रूम, ट्रंप ने बताया-क्यों उठाया यह कदम

अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस-यूक्रेन के बीच संभावित डील के बारे में भी बात की। उन्होंने रूस-यूक्रेन के बीच जल्द ही एक शांति समझौते की उम्मीद जताई है। ट्रंप ने इस संभावित समझौते को 'बिग, ब्यूटीफूल अग्रीमेंट' कहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि इस समझौते का दायरा और बड़ा हो सकता है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : ANI

Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस स्थित ओवल ऑफिस एवं कैबिनेट रूम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित कर दिया है। राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने वाली इस घोषणा पर उन्होंने गुरुवार को हस्ताक्षर किए। ट्रंप का कहना है कि उनके इस कदम से ऐतिहासिक राष्ट्रपति स्थानों की सुरक्षा होगी। भविष्य की सरकारें इन जगहों में कोई बदलाव या उन्हें नष्ट नहीं कर पाएंगी। दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से पहले ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने इन दोनों स्थानों को अमेरिकी इतिहास और शासन व्यवस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इनके ऐतिहासिक महत्व को संरक्षित रखना बेहद जरूरी है।

जल्द खत्म हो सकता है रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध

अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस-यूक्रेन के बीच संभावित डील के बारे में भी बात की। उन्होंने रूस-यूक्रेन के बीच जल्द ही एक शांति समझौते की उम्मीद जताई है। ट्रंप ने इस संभावित समझौते को 'बिग, ब्यूटीफूल अग्रीमेंट' कहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि इस समझौते का दायरा और बड़ा हो सकता है। इसके दायरे में केवल दो युद्धग्रस्त देश रूस-यूक्रेन ही नहीं बल्कि पूरा यूरोप आ सकता है। व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की पहली महिला मेलानिया ट्रंप के प्रयासों से रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के साथ बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत एक संभावित सुलह की तरफ बढ़ रही है।

किरिल दिमित्रीव से मुलाकात की

ट्रंप ने यह भी पुष्टि की कि उन्होंने व्हाइट हाउस में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दूत किरिल दिमित्रीव से मुलाकात की थी। हालांकि, उन्होंने बातचीत का ब्योरा साझा करने से इनकार किया, लेकिन संकेत दिया कि इस चर्चा से व्यापक कूटनीतिक समझौते का रास्ता खुल सकता है। ट्रंप ने कहा, 'हां, मैंने उनसे मुलाकात की थी। मैंने क्या बातचीत की, यह नहीं बता सकता, लेकिन मैं आपको इतना जरूर बता सकता हूं कि एक समझौता होने जा रहा है। यह बहुत बड़ा समझौता होगा और इसमें सिर्फ यूक्रेन ही नहीं, बल्कि कई अन्य मुद्दे भी शामिल होंगे। मैं तो यहां तक कह सकता हूं कि इसमें पूरा यूरोप शामिल हो सकता है। यह एक बड़ा और शानदार समझौता होगा, जिससे हर कोई खुश होगा।'

अब तक बड़े पैमाने पर लोगों की मौत हुई

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। फरवरी 2022 में रूस के पूर्ण सैन्य हमले के बाद शुरू हुए इस युद्ध में अब तक बड़े पैमाने पर लोगों की मौत हुई है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध में हो रहे जानमाल के नुकसान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को हर महीने भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। ट्रंप ने कहा, 'दोनों देशों को मिलाकर हर महीने करीब 25,000 लोगों की जान जा रही है। यह खून-खराबा है और इसे खत्म होना ही चाहिए।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article