शहर

'चाहे पटना पुलिस हमें गोली मार दे, मगर...', रोशन आनंद ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप, देश भर के छात्रों से मांगी मदद

Patna Coaching Dispute: पटना के कंकड़बाग और कदमकुआं इलाके के कोचिंग जगत में भारी तनाव फैल गया है। 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के डायरेक्टर रोशन आनंद अपने भाई की हत्या का आरोप प्रसिद्ध शिक्षक फैजल खान उर्फ 'खान सर' पर लगाते हुए कदमकुआं थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराने पहुंचे।

Patna Coaching Dispute: बिहार की राजधानी पटना के कोचिंग हब कहे जाने वाले इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के डायरेक्टर रोशन आनंद (Roshan Anand) अपने समर्थकों के साथ कदमकुआं थाने पहुंचे। उनका आरोप है कि उनके भाई की हत्या के पीछे प्रसिद्ध शिक्षक फैजल खान उर्फ 'खान सर' का हाथ है और वे इसी मामले में खान सर (Khan Sir) के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराने थाने आए हैं।

हालांकि, पुलिस द्वारा मामला दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में अब रोशन आनंद अपने समर्थकों के साथ कदमकुआं थाने पर ही धरने पर बैठने की तैयारी कर रहे हैं। इस घटना के बाद पटना के शिक्षा जगत और प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है।

रसूख के दबाव में काम कर रही पुलिस-रोशन आनंद

थाने पहुंचे रोशन आनंद ने मीडिया के सामने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, "एक सोची-समझी साजिश के तहत पहले मुझे जेल भेज दिया गया और इसी बीच मेरे भाई की हत्या कर दी गई।" रोशन आनंद का आरोप है कि खान सर के रसूख और ऊपरी दबाव के कारण कदमकुआं थाने की पुलिस एफआईआर दर्ज करने से कतरा रही है।

उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि थाना प्रभारी ने साफ तौर पर केस दर्ज करने से मना कर दिया है। इसके बाद उन्होंने पटना एसएसपी (SSP) को फोन किया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। वे आईजी (IG) से मिलने भी गए, पर वहां भी मुलाकात नहीं हो सकी।

पूरे देश के शिक्षकों और छात्रों से मांगी मदद

रोशन आनंद ने साफ कर दिया है कि वे न्याय के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "अगर आज एफआईआर दर्ज नहीं होती है, तो हम यहीं धरने पर बैठेंगे। चाहे तो पटना पुलिस हमें गोली मार दे, लेकिन हम न्याय लिए बिना यहां से नहीं हटेंगे।"

इसके साथ ही उन्होंने इस मुश्किल वक्त में पूरे भारत के शिक्षकों और छात्र समुदाय से समर्थन की अपील की है। फिलहाल, कदमकुआं थाने के बाहर भारी संख्या में उनके समर्थक मौजूद हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस की तरफ से अभी तक इस पूरे मामले और आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article