Shimla Traffic: गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही पहाड़ों की रानी शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। आलम यह है कि पिछले 45 दिनों में (1 मई से 15 जून के बीच) करीब 15 लाख से ज्यादा वाहन शिमला में एंट्री कर चुके हैं। इस भारी भीड़ की वजह से हाईवे और संपर्क मार्गों पर अक्सर लंबे जाम की स्थिति बन रही है। होटल कारोबारियों के मुताबिक, वीकेंड पर होटलों में ऑक्यूपेंसी 90 फीसदी तक पहुंच जा रही है। इस भारी भीड़ और ट्रैफिक को संभालने के लिए शिमला पुलिस (Shimla Police) ने एक खास 'फाइव-पॉइंट' (पांच सूत्रीय) रणनीति तैयार की है, ताकि पर्यटकों (Shimla Tourist Rush) और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
पुलिस की पांच सूत्रीय रणनीति
शिमला के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह ने बताया कि आंतरिक रुकावटों को दूर कर लिया जाए, तो इतनी भीड़ को संभालना मुश्किल नहीं है। पुलिस की इस रणनीति में मुख्य रूप से ये पांच बातें शामिल हैं:
- अतिरिक्त पुलिस बल और बाइक सवार जवानों की तैनाती।
- नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने के लिए इंटरसेप्टर वाहनों का इस्तेमाल।
- शहर को 5 सेक्टरों में बांटकर राजपत्रित अधिकारियों (Gazetted Officers) द्वारा निगरानी।
- पर्यटकों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी देना।
- पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल को बढ़ावा देना।
बड़ी गाड़ियां खराब होना और अवैध पार्किंग बड़ी चुनौती
पुलिस (Shimla Police) के मुताबिक, शिमला की लाइफलाइन मानी जाने वाली 'कार्ट रोड' पर बसों या ट्रकों जैसी भारी गाड़ियों का खराब होना सबसे बड़ी सिरदर्दी है। संकरी सड़क होने के कारण क्रेन लाने में काफी समय लगता है। इस समस्या से निपटने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में 3 क्रेन तैनात की गई हैं। इसके अलावा, प्राइवेट बसों का कहीं भी रुक जाना और सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग भी जाम की बड़ी वजह हैं, जिन पर पुलिस सख्ती बरत रही है।
क्विक रिस्पांस के लिए खास इंतजाम
ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 210 अतिरिक्त पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात किए गए हैं। साथ ही, तुरंत एक्शन के लिए 32 बाइक सवार जवानों की टीम बनाई गई है, जो जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेगी। पर्यटकों को जाम से बचाने के लिए कुफरी, नारकंडा और किन्नौर जाने वाले वाहनों को 'शोघी-मेहली बाईपास' से जाने की सलाह दी जा रही है।
इस रास्ते से रोजाना करीब 800 गाड़ियां निकाली जा रही हैं, जिससे शहर के अंदर दबाव कम हुआ है। इसके साथ ही, शिमला पुलिस सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके लोगों को ट्रैफिक अपडेट्स भी दे रही है।
