शहर

जन्मदिन की बधाई है या आलोचनाओं से भरा पोस्ट...ओपी राजभर ने दी अखिलेश को नसीहतों भरीं शुभकामनाएं

Akhilesh Yadav birthday: बधाई या तंज? अखिलेश के जन्मदिन पर राजभर की नसीहत ने मचाया बवाल। राजभर का तंज- आलसी और आरामतलबी जिंदगी छोड़ें।

Image

जन्मदिन की बधाई है या आलोचनाओं से भरा पोस्ट...ओपी राजभर ने दी अखिलेश को नसीहतों भरीं शुभकामनाएं

OP Rajbhar X Post: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लेकिन इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर (OP Rajbhar) का एक अनोखा बधाई संदेश सोशल मीडिया पर भारी बवाल और चर्चा का विषय बन गया है। राजभर ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं तो दीं, लेकिन उसके साथ एक लंबा-चौड़ा खुला संदेश लिखकर उनकी राजनीति और जीवनशैली पर तीखा तंज भी कस दिया।

राजभर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर अखिलेश यादव को टैग करते हुए यह पोस्ट लिखा, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है।

'आप ठहरे बड़े घर के बेटे, हम क्या उपहार दें...'

ओपी राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत सामान्य बधाई से की, लेकिन इसके बाद उन्होंने अखिलेश यादव के 'वीआईपी' बैकग्राउंड को लेकर तंज कसना शुरू किया। राजभर ने लिखा, 'बहुत सोचा कि आपको उपहार में क्या दूं... आप ठहरे बड़े घर के बेटे, पिताजी पूर्व सीएम और रक्षामंत्री रहे, आप खुद पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं, आलीशान बंगलों में जीवन गुजरा है। हम भला क्या दे सकते हैं आपको। मगर उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते एक बेशकीमती सलाह हम आपको दे सकते हैं। इस सलाह को ही जन्मदिन पर मेरी तरफ से उपहार मानिएगा...'

'एसी और पीसी वाली राजनीति छोड़ें'

अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए राजभर ने आगे लिखा कि वे अपनी आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी से जितना जल्दी हो सके बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि सिर्फ एसी (AC) कमरों में बैठकर ट्विटर पर खेत-किसान और पगडंडी वाले वीडियो देखने से राजनीति नहीं होती, इसके लिए खुद जमीन पर उतरना पड़ता है।

राजभर ने अपने ही अंदाज में आगे लिखा, 'शुरू-शुरू में मेड़-पगडंडी पर चलते-चलते आपका पैर मुचुक (मोच) जाए, कांटा धंस जाए। ऊपर से घाम (धूप) भी लगेगा और पसीने से तर भी हो जाएंगे... लेकिन लगातार कोशिश करते रहेंगे तो एक न एक दिन गांव की राजनीति से प्रदेश की राजनीति का असली रास्ता भी समझ में आ ही जाएगा। अखिलेश बाबू, जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, उसके लिए मेड़ पर गोड़ रगड़ना ही पड़ता है...। हम ही से सीख लीजिए, 48 डिग्री में भी गांव-गांव घूमता हूं।'

राजभर के ट्वीट पर भड़के यूजर्स, सोशल मीडिया पर मिली 'नसीहत'

ओपी राजभर द्वारा बधाई संदेश की आड़ में की गई इस तीखी आलोचना के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। कई लोगों ने इसे शिष्टाचार के खिलाफ बताया और 'X' पर राजभर को ही घेरना शुरू कर दिया।

यूजर्स ने राजभर के पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'यह एक इंसान के तौर पर आपके छोटे होने का प्रमाण है। आप बधाई संदेश में भी घटिया राजनीति कर रहे हैं।' 'राजनीति जमकर करो, यही करने आप लोग आए हैं, लेकिन कम से कम जन्मदिन के दिन तो इसे छोड़ देते।' 'बधाई संदेश का पोस्ट और आलोचना का पोस्ट अगर अलग-अलग होता तो बेस्ट होता, यह मेरी सलाह आपको है।'

फिलहाल, अखिलेश यादव के जन्मदिन पर आया राजभर का यह 'विवादित उपहार' उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर चुका है और इस पर समाजवादी पार्टी के नेताओं की प्रतिक्रियाओं का इंतजार है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!