शहर

ओंकारेश्वर मंदिर में VIP दर्शन के लिए 'अनोखा चढ़ावा', रक्तदान करने वालों को मिल रही एंट्री

मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में प्रशासन ने अनूठी पहल शुरू की है। जिसके अनुसार, रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन पास दिया जा रहा है। जिससे हर सप्ताह 150-200 यूनिट रक्त एकत्र हो रहा है।

Image

सांकेतिक फोटो

मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित भगवान शिव के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में प्रशासन ने रक्तदान (Blood Donation) को बढ़ावा देने के लिए अनूठी पहल शुरू की है। अब रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन पास दिया जा रहा है, जिससे वे लंबी कतार में लगे बिना परिवार सहित भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से ब्लड बैंक में हर सप्ताह 150 से 200 यूनिट रक्त भी एकत्र हो रहा है।

खून की बढ़ती मांग के कारण पहल शुरू

जिलाधिकारी ऋषव गुप्ता ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’हमने देखा कि अस्पतालों में मरीजों के लिए खून की मांग बढ़ती जा रही है। रक्तदान शिविरों में मिलने वाला खून खासकर आपातकालीन वॉर्ड में भर्ती मरीजों के लिए पर्याप्त नहीं होता।’’ गुप्ता ने कहा, ’’इन हालात के मद्देनजर हमने रक्तदान को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में वीआईपी दर्शन से जोड़ा ताकि श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सके।’’

रक्तदान से पूरे परिवार को मिल रहा VIP दर्शन

जिलाधिकारी ने बताया, ’’श्रद्धालुओं ने इस पहल को हमारी उम्मीद से कहीं अधिक समर्थन दिया। हम देख रहे हैं कि हमें ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं से प्रत्येक सप्ताह 150 से 200 यूनिट खून मिल रहा है।’’ अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण लोगों को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में आमतौर पर तीन से चार घंटे तक कतार में खड़ा होना पड़ता है, लेकिन रक्तदान करके वे ’वीआईपी पास’ हासिल कर सकते हैं और अपने पूरे परिवार समेत तुरंत दर्शन कर सकते हैं।

श्रद्धालुओं को VIP पास के साथ मिल रही ये भेंट

अधिकारी ने बताया कि रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को इसके प्रमाण पत्र के साथ ही मंदिर का प्रसाद और भगवान ओंकारेश्वर की तस्वीर भेंट के तौर पर दी जाती है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि इस पहल से जहां स्थानीय ब्लड बैंक में खून की किल्लत दूर हो गई है, वहीं आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं का रक्त आस-पास के जिलों में भर्ती रोगियों की जान बचाने में भी मददगार साबित हो रहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article