UP News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेता, मंत्री और विधायक ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव को खुला ऑफर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक अपना यह खुला ऑफर पोस्ट किया है। इस खुली चिट्ठी में ओपी राजभर ने शिवपाल यादव से पूरा ऑफर जानने के लिए रात में कॉल करने को कहा है।
बता दें कि सुभासपा के संस्थापक ओपी राजभर उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री (पंचायत राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज) भी हैं।वह जहूराबाद से सुभासपा के विधायक हैं और आजकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का जो दौर चल रहा है, उसमें उन्होंने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी है।
राजभर ने उठाया शिवपाल के सम्मान का मुद्दा
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल यादव को सोशल मीडिया के जरिए खुला राजनीतिक प्रस्ताव देते हुए उनके राजनीतिक सम्मान का मुद्दा उठाया है। इसके साथ ही ओपी राजभर ने शिवपाल यादव को अपने साथ आने का न्योता भी दिया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें सम्मान के साथ ही उचित जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
शिवपाल के अपशब्द कहने पर कही ये बात
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए अपने पोस्ट में राजभर ने लिखा कि उन्हें जानकारी मिली है कि शिवपाल यादव इन दिनों 'डॉट-डॉट-डॉट' (विरोधियों के खिलाफ अपशब्द) वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पर राजभर ने सवाल उठाया कि जब शिवपाल को समाजवादी पार्टी से बाहर किया गया था या जब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे पद नहीं मिले थे, तब उन्होंने अपनी नाराजगी सार्वजनिक तौर पर क्यों नहीं जताई।
शिवपाल के भाजपा का दामन थामने की कोशिश पर भी बोले
राजभर ने अपने पोस्ट में तंज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में खुलकर बोलने की आजादी नहीं है। उन्होंने शिवपाल यादव से अपील करते हुए लिखा कि वे उनके साथ आएं, जहां उन्हें 'सम्मान भी मिलेगा और पद भी।' उन्होंने यह भी दावा किया कि शिवपाल यादव लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UP Cabinet Meeting: जलालाबाद तहसील का नाम होगा भगवान परशुराम पुरी, मुरादाबाद-गोरखपुर में 100 बेड के अस्पतालों को मंजूरी
'रात को फोन करें, पूरा ऑफर बताऊंगा'
अपने इस सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में राजभर ने शिवपाल यादव से रात में फोन करने की बात कहते हुए कहा कि तब वह उन्हें पूरा प्रस्ताव बताएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि दिन में वह पिछड़े, दलित और शोषित वर्गों के बीच रहकर उनके काम में व्यस्त रहते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Uttarakhand News: भारी बारिश, लैंडस्लाइड में सड़क टूटी, फिर भी सात फेरे लेने त्रियुगीनारायण मंदिर पहुंचे दुल्हा-दुल्हन
राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दल आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी रणनीतियों को धार देने में जुटे हैं। हालांकि, शिवपाल यादव या समाजवादी पार्टी की तरफ से इस बयान पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बता दें कि इससे पहले भी दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक बयानबाजी चर्चा में आती रही है।
