Bhubaneswar Cab Drivers Protest: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में ऑनलाइन कैब और बाइक टैक्सी ड्राइवर्स का आंदोलन बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। Ola, Uber और Rapido से जुड़े ड्राइवर अपनी मांगों को लेकर लोअर पीएमजी और मास्टर कैंटीन चौक के पास विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पथराव की घटना भी सामने आई, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ऑटो और बाइक खड़ी कर विरोध प्रदर्शन किया। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने हालत को काबू करने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
आंदोलन के दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर जाते हुए भी देखा गया। हालात को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन भी तैयार रखा है। फिलहाल लोअर पीएमजी इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
फिक्स किराया लागू करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे कैब और बाइक टैक्सी ड्राइवर्स की मुख्य मांग ऑनलाइन कैब सेवाओं में यात्रियों से लिए जाने वाले किराए को नियंत्रित करने की है। ड्राइवर्स सरकार से फिक्स्ड फेयर स्ट्रक्चर लागू करने की मांग कर रहे हैं। ड्राइवर्स के अनुसार, दिन के समय 12 रुपये प्रति किलोमीटर और रात के समय 15 रुपये प्रति किलोमीटर का किराया तय किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि मौजूदा किराया, बढ़ती ईंधन कीमतों और अन्य खर्चों के बीच उनके लिए काम करना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर उनकी मांगों पर ठोस फैसला लेने की अपील की है। आंदोलन के तीसरे दिन पथराव और पुलिस कार्रवाई के बाद भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
