अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के निर्माण का काम पूरा हो गया है। अब परिसर में ‘पूर्ण स्मृति स्तंभ’ के शीर्ष पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का 'लोगो' लगाया जाना बाकी है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नृपेंद्र मिश्रा निर्माण कार्य से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ तीन दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। इस बैठक के दौरान मंदिर परिसर में विकास कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से जुड़े कई पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।
जल्द लगाया जाएगा ट्रस्ट का लोगो
इस दौरान, नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि मंदिर परिसर में निर्माण का काम अब पूरा हो चुका है। ‘पूर्ण स्मृति स्तंभ’ के ऊपर ट्रस्ट का लोगो लगाए जाने का काम ही शेष है। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कांस्य से बना लोगो लगाने की मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि लोगो लगाने का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में निर्माण से जुड़े शेष औपचारिक कार्य भी पूरे हो जाएंगे।
राम कथा संग्रहालय पर भी होगी समीक्षा
तीन दिवसीय बैठक में राम कथा संग्रहालय के संचालन और उसके विकास से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा होगी। नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि संग्रहालय की सभी गैलरियों के लिए स्क्रिप्ट और कहानी की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। अब इन कहानियों को वीडियो के रूप में प्रस्तुत करने का काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य संग्रहालय में आने वाले लोगों को रामकथा और उससे जुड़े प्रसंगों को आधुनिक और दृश्य माध्यम के जरिए समझाने का है।
मंदिर परिसर की सुविधाओं पर भी चर्चा
बैठक में राम मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों के साथ उससे जुड़ी सुविधाओं की भी समीक्षा की जा रही है। निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हैं।
नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि मंदिर परिसर का निर्माण पूरा होने के बाद अब वहां उपलब्ध सुविधाओं और आगामी विकास कार्यों को व्यवस्थित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाली बैठक में इन सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
