शहर

Noida News: एक मुसीबत टली नहीं, दूसरी हाजिर! एलिवेटेड रोड बंद, अब सेक्टर-71 अंडरपास की सड़क भी होगी 3 महीने में रिपेयर

नोएडा में ट्रैफिक की परेशानी बढ़ने वाली है। नोएडा बाइपास एलिवेटेड रोड पहले से ही बंद है। अब सेक्टर-71 अंडरपास की सड़क की मरम्मत की भी खबर है। इसके लिए टेंडर जारी किया गया है और तीन महीने तक मरम्मत का काम चलेगा।

Image

नोएडा में एलिवेटेड रोड बंद अब सेक्टर 71 अंडरपास में होगा रिपेयर वर्क

Noida News: अभी तो बड़ी संख्या में लोग दिवाली की छुट्टी से नहीं लौटे हैं। ऊपर से छठ महापर्व की भी शुरुआत हो गई है, इसलिए शहर में ट्रैफिक कुछ हल्का दिख रहा है। लेकिन यह स्थिति जल्द ही बदलने वाली है और बदलकर भयावह होने वाली है। दरअसल नोएडा के लोगों के लिए एक तरफ कुआं और दूसरी तरफ खाई जैसी स्थिति बनती जा रही है। शहर की दो बहुत ही अहम सड़कों के बंद होने या आंशिक रूप से खुले होने से लोगों की परेशानियां बढ़ना तय है।

सेक्टर-61 से सेक्टर-27 के बीच बना Noida Elevated Road पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है। इसके चलते लोग सेक्टर 61 की तरफ से सेक्टर 18 की ओर नहीं जा पा रहे हैं। अभी लोग इसी रास्ते के खुलने का इंतजार ही कर रहे थे कि अब सेक्टर-51 होशियारपुर और सेक्टर-71 के बीच बने अंडरपास की सड़क की मरम्मत की तैयारी शुरू हो गई है। इस अंडरपास में सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसकी दोनों पुरानी परतें उखाड़कर नई बिछानी पड़ेंगी। इस काम पर लगभग 7.80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और निर्माण एजेंसी को इसे पूरा करने के लिए तीन महीने का समय दिया जाएगा। एलिवेटेड रोड पहले से ही बंद है और अब अगर सेक्टर 71 अंडरपास में भी निर्माण कार्य शुरू हो जाता है तो नोएडा के लोगों के लिए यह स्थिति 'कोढ़ में खाज' जैसी हो सकती है।

एलिवेटेड रोड बंद, अंडरपास की सड़क भी खराब

नोएडा का सेक्टर-27 से सेक्टर-61 के बीच बना करीब 4.8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड शहर के महत्वपूर्ण ट्रैफिक कॉरिडोर में शामिल है। सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन में 18 अक्टूबर को पहली बार गड्ढा हुआ था। अथॉरिटी ने इसकी मरम्मत कराई, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्ढा बन गया। इसके बाद 21 अक्टूबर से इस लेन पर ट्रैफिक पूरी तरह से बंद कर दिया गया।

इसकी वजह से लोगों को नीचे की सड़कों और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। जाम और अतिरिक्त सफर के बीच लोगों को अभी एलिवेटेड रोड के दोबारा खुलने का इंतजार है। इस बीच सेक्टर-71 अंडरपास की सड़क की मरम्मत की तैयारी ने चिंता और बढ़ा दी है।

IIT रुड़की की जांच में कंक्रीट पैनल में मिली कमजोरी

एलिवेटेड रोड की मजबूती को लेकर उठे सवालों के बाद नोएडा अथॉरिटी ने IIT रुड़की की स्पेशल टीम से इसकी जांच कराई। 11 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम ने अमेरिकी विशेषज्ञ टिम वाला के साथ अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक से पूरे 4.8 किलोमीटर मार्ग की जांच की। शुरुआती नतीजों में बार-बार गड्ढा होने वाले हिस्से के करीब 11 मीटर लंबे और 2.5 मीटर चौड़े कंक्रीट पैनल को छोड़कर बाकी हिस्सों में कमजोरी नहीं मिली।

अथॉरिटी की योजना प्रभावित हिस्से के नीचे शटरिंग लगाकर पैनल और आसपास की मरम्मत कराने की है, ताकि कम से कम तोड़फोड़ हो। जांच पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। 11 नवंबर तक रिपोर्ट आने की उम्मीद जताई गई थी। हालांकि, उपलब्ध अपडेट में मरम्मत शुरू होने और ट्रैफिक बहाली की निश्चित तारीख की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पांच साल में ही टूट गई सेक्टर-71 अंडरपास की सड़क

अब सेक्टर-71 अंडरपास की हालत भी सवाल खड़े कर रही है। सेक्टर-71 चौराहे पर जाम से राहत देने के लिए नोएडा अथॉरिटी ने साल 2019 में इसका निर्माण शुरू कराया था। करीब 59.68 करोड़ रुपये की लागत से 1080 मीटर लंबा छह लेन का अंडरपास नवंबर 2021 में तैयार हुआ था। वर्ष 2024 में इसकी दोनों सड़कों की रिसर्फेसिंग भी कराई गई, लेकिन इसके बावजूद सड़क फिर टूट गई। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई परतें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।

अथॉरिटी ने 19 अगस्त को सड़क की स्थिति की जांच के लिए सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (CRRI) की टीम बुलाई थी। अब इसकी रिपोर्ट मिल गई है। जांच में बिटुमिन की कमी, खुरदरी सतह और सड़क के समतल नहीं होने जैसी खामियां सामने आई हैं।

7.80 करोड़ रुपये से होगी मरम्मत, तीन महीने का समय

नोएडा अथॉरिटी के जीएम एके अरोड़ा के मुताबिक, CRRI ने सड़क की दोनों पुरानी परतें हटाकर नई परत बिछाने का सुझाव दिया है। पहले कंक्रीट की सतह में मौजूद दरारों को गहराई से भरा जाएगा। इसके बाद ऊपर की बिटुमिन और गिट्टी की परत हटाकर नई परत बिछाई जाएगी। इससे सड़क के ऊंचे-नीचे हिस्सों की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।

इस काम पर लगभग 7.80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अथॉरिटी ने निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इच्छुक एजेंसियों से 26 नवंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। काम शुरू होने के बाद इसे पूरा करने के लिए तीन महीने का समय दिया जाएगा।

यानी नोएडा के लोगों को एक तरफ एलिवेटेड रोड की मरम्मत और दोबारा खुलने का इंतजार करना है, तो दूसरी तरफ सेक्टर-71 अंडरपास की सड़क भी मरम्मत के दौर से गुजरेगी। ऐसे में प्राधिकरण के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ सड़कें ठीक कराने की नहीं, बल्कि इस दौरान शहर के ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने की भी होगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article