शहर

Noida News: अंडरपास में भरे बारिश के पानी में फंसी एम्बुलेंस, हवा-हवाई साबित हुए प्रशासन के दावे

नोएडा में आज यानी शुक्रवार 7 अगस्त को सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। यहां के सेक्टर 95 फ्लाईओवर के पास 3-4 फीट पानी में NGO की एम्बुलेंस फंस गई।

Image

नोएडा में अंडरपास में भरे पानी में फंसी एम्बुलेंस

Noida News: जिस बारिश के लिए आप मन्नतें मांग रहे थे। जिस बारिश का इंतजार आपको महीनों से था। वो बारिश आज हुई और खबर लिखे जाने तक जारी थी। लगभग पूरे नोएडा शहर में आज यानी शुक्रवार 7 अगस्त को सुबह से ही बारिश हो रही है। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का दौर लगातार जारी है। इससे सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को दिक्कतें भी हुईं। लेकिन एक तस्वीर ऐसी भी आई, जिसने सभी को विचलित कर दिया।

दिल्ली-एनसीआर के अन्य इलाकों की ही तरह नोएडा में भी सुबह से ही रिमझिम बारिश हो रही है। इस बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलजमाव की तस्वीरें आने लगीं। ऐसा लगा जैसे अपनी ऊंची-ऊंची बिल्डिंगों के लिए पहचान बनाने वाला नोएडा सड़के के स्विमिंग पूल बन जाने के लिए मशहूर होना चाहता हो। क्योंकि तमाम सड़कें तालाब में बदल गईं। इसी दौरान सेक्टर 95 फ्लाईओवर के पास एक एम्बुलेंस लगभग आधे घंटे तक सड़क पर भरे पानी में डूबी रहीं।

यह एम्बुलेंस एक NGO की थी और एम्बुलेंस में उस समय ANM और टेक्नीशियन मौजूद थे। लगभग आधे घंटे तक वह एम्बुलेंस में ही फंसे रहे। जबकि अंडरबास में 3-4 फीट तक पानी भरा हुआ था। नोएडा जैसे हाईटेक सिटी के लिए ऐसी तस्वीरें शर्मनाक हैं, लेकिन दुर्भाग्य ये है कि बारिश के दौरान यह तस्वीरें बहुत ही आम भी हैं।

कागजों में तो नोएडा अथॉरिटी शहर की साफ-सफाई से लेकर मानसून आने से पहले व्यवस्था चाक-चौबंद करने के तमाम दावे करती है। लेकिन एक-दो घंटे की बारिश में ही उनके सभी दावे उन्हीं नालों में बह जाते हैं, जिनकी सफाई के दावे करते हुए अधिकारी थकते नहीं हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article