Jaipur News: जयपुर-अजमेर हाईवे पर कल यानी गुरुवार 6 अगस्त की देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई। यहां बगरू थाना क्षेत्र में बड़ के बालाजी के पास बारिश के पानी से भरी सड़क पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दो-तीन पलटी खा गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार मृतकों की पहचान श्रीमाधोपुर निवासी अमन मान (21) और सीकर निवासी रेवती (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए बगरू कॉम्युनिटी हेल्थ सेंटर के शवगृह में रखवाए हैं। हादसे की जांच की जा रही है।
बारिश के पानी में स्कॉर्पियो का बिगड़ा संतुलन
बगरू थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल भंवर लाल ने बताया कि तीनों लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर जयपुर से अजमेर की ओर जा रहे थे। बड़ के बालाजी के पास हाईवे पर बारिश का पानी भरा हुआ था। प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पानी में पहुंची तो सड़क पर जमा पानी उछलकर सामने के शीशे पर आया। इससे ड्राइवर को कुछ देर के लिए सामने का रास्ता दिखाई नहीं दिया।
इसी दौरान ब्रेक लगाने पर तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया। स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई और इसके बाद कई बार पलट गई। पुलिस के अनुसार, टक्कर के दौरान कार का टायर भी फट गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
स्कॉर्पियो में फंस गए थे तीनों यात्री
हादसे के बाद तीनों लोग क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंस गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर तीनों को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आगे की सीट पर बैठे अमन और रेवती को मृत घोषित कर दिया। घायल साथी का इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगरू सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को पुलिस ने थाना परिसर में खड़ा करवाया है। पुलिस बारिश के पानी, कार की रफ्तार, टायर की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
