शहर

नोएडा में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर फर्जीवाड़ा, Flipkart-Amazon के ऑर्डर से असली सामान गायब करने वाला गिरोह गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के ऑर्डर से असली सामान बदलकर नकली सामान भेजने वाले गिरोह का खुलासा किया है। 5 आरोपियों को 75 लाख के माल के साथ पकड़ा।

Image

नोएडा पुलिस की गिरफ्त में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरफ्तार

नोएडा : नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस और SOG की टीम ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के डिलीवरी सिस्टम में सेंध लगाकर करोड़ों का खेल कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। गिरोह के कब्जे से करीब 75 लाख रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

डीसीपी नोएडा, साद मियां खान के अनुसार, यह गिरोह पिछले 3-4 महीनों से ऑनलाइन ऑर्डर में हेराफेरी कर रहा था। आरोपी ऑनलाइन कंपनियों (जैसे फ्लिपकार्ट और अमेजन) से आने वाले महंगे और ओरिजनल आइटम को डिलीवरी के दौरान ही चुरा लेते थे और उनकी जगह बेहद सस्ता या नकली सामान पैक कर देते थे।

धोखाधड़ी का 'स्मार्ट' तरीका

आरोपी बड़ी चालाकी से इस काम को अंजाम देते थे। कस्टमर को असली की जगह नकली या सस्ता प्रोडक्ट थमा दिया जाता था। यदि कस्टमर को नकली सामान मिलने की भनक लगती, तो वह कंपनी से रिफंड की शिकायत करता था। इस रिफंड प्रक्रिया से कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।कई मामलों में, जब ग्राहकों को नकली प्रोडक्ट का तुरंत पता नहीं चलता था, तो वे मजबूरी में उसका उपयोग कर लेते थे।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से फ्लिपकार्ट और अमेजन के टैग, पैकिंग मटेरियल, खाली पैकेट और भारी मात्रा में ओरिजनल सामान बरामद किया है। इनमें ब्रांडेड जूते, महंगे कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और प्रोटीन सप्लीमेंट शामिल हैं।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने पूरे नेटवर्क और खरीद-फरोख्त का खुलासा कर दिया है। डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि गिरोह के अन्य दो फरार सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन डिलीवरी नेटवर्क में सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article