नोएडा

Noida Traffic: नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर और बढ़ेगा ट्रैफिक, गुजरेंगे कांवड़ियों के जत्थे; जाम से निपटने को जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

सावन में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने से नोएडा-दिल्ली मार्गों पर भारी यातायात दबाव है। कालिंदी कुंज और चिल्ला बॉर्डर पर जाम की स्थिति है। अगले कुछ दिनों में यह स्थिति डीएनडी फ्लाईवे बेहतर विकल्प है। सुरक्षा के लिए 200 पुलिसकर्मी तैनात हैं। ट्रैफिक समस्या से निपटने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

Image

नोएडा-ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने के लिए झेलना पड़ेगा झाम (सांकेतिक तस्वीर | Canva)

Noida Traffic Update: सावन के महीने नोएडा से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। अगले तीन दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे नोएडा और दिल्ली के बीच यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है। ऐसे में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली आने-जाने वाले चालकों को जाम में फंसना पड़ सकता है, क्योंकि चिल्ला बॉर्डर और कालिंदी कुंज बॉर्डर पर वाहनों को रोक-रोककर चलाया जा रहा है।

कांवड़ियों के रास्ते और सुरक्षा इंतजाम

हरिद्वार से जल भरकर लौट रहे शिव भक्तों का बड़ा हिस्सा नोएडा के ओखला पक्षी विहार होकर कालिंदी कुंज से दिल्ली की ओर बढ़ रहा है। इन मार्गों पर पैदल कांवड़ियों के साथ डाक कांवड़ियों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। शिवरात्रि पर 23 जुलाई को जलाभिषेक होना है, इसलिए 21 से 23 जुलाई के बीच कांवड़ियों का सबसे बड़ा जत्था इन सड़कों से होकर गुजरेगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिल्ला बॉर्डर पर हर शिफ्ट में चार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जैसे ही कोई कांवड़िया सड़क पार करता है, पुलिस यातायात रोक देती है, जिससे आम वाहनों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।

जाम से बचने के लिए डीएनडी का उपयोग करें

नोएडा और दक्षिणी दिल्ली के बीच सफर करने वालों के लिए डीएनडी फ्लाईवे सबसे बेहतर विकल्प है। डीएनडी मार्ग से कांवड़ियों की आवाजाही नहीं होती, जिससे यह रास्ता अपेक्षाकृत सुगम है। कालिंदी कुंज मार्ग, जहां पहले से ही वाहनों का प्रवेश बंद है, पूरी तरह जाम की स्थिति में है।

ट्रैफिक पुलिस का हेल्पलाइन नंबर

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में प्रमुख रूटों पर लगभग 200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें सिपाही से लेकर एसीपी स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरा ध्यान कांवड़ यात्रा की व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने पर है। कांवड़ियों की आवाजाही न केवल नोएडा से दिल्ली और हरियाणा की तरफ है, बल्कि ग्रेटर नोएडा से जेवर, दादरी, सिकंदराबाद और बुलंदशहर की ओर भी जत्थे निकल रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र के लगभग हर मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। जाम की स्थिति या किसी भी ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए यातायात पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर- 9971009001 जारी किया है। इस पर कॉल करने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मदद करेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article