Noida Fire: नोएडा के थाना सेक्टर 63 में देर रात को मारुति सुजुकी के सर्विस सेंटर में भयंकर आग लग गई। यह आग विपुल मोटर के सर्विस सेंटर में लगी थी। धीरे - धीरे आग सर्विस सेंटर के फर्स्ट फ्लोर और फिर सेकंड फ्लोर तक तेजी से जा पहुंची। इस अग्निकांड में आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां जलकर राख हो गईं।
आग सबसे पहले सर्विस सेंटर में खड़ी एक गाड़ी में लगी थी। देखते ही देखते आग ने इसके आस-पास खड़ी दूसरी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर विभाग की टीम ने 8 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया।
घटना में कोई हताहत नहीं
हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि विपुल मोटर्स नामक गैराज में मारुति कंपनी की गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत होती हैं। उन्होंने बताया कि रात डेढ़ बजे के आसपास गैराज में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई।
आठ गाड़ियों की मदद से चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
जो देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई और वहां खड़ीं आठ कारें पूरी तरह से जल गई। अधिकारी ने बताया कि वहां रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की आठ गाड़ियों की मदद से करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
