क्राइम

Gurugram: जापानी टूरिस्ट से रिश्वत लेने पर डीसीपी का सख्त का एक्शन; ट्रैफिक पुलिस के 3 अधिकारी सस्पेंड

गुरुग्राम के गैलेरिया मार्केट के पास एक जापानी पर्यटक से रिश्वत मांगने के आरोप में ट्रैफिक पुलिस के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। घटना का वीडियो पर्यटक ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो के बाद डीसीपी ट्रैफिक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जोनल अधिकारी, कांस्टेबल और होमगार्ड को सस्पेंड कर दिया।

Image

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के 3 अधिकारी निलंबित (प्रतीकात्मक फोटो: iStock)

Photo : iStock

Gurugram Traffic Police Officers Suspended: गुरुग्राम के गैलेरिया मार्केट के पास, हेलमेट न पहनने पर रोक लगाने के दौरान एक जापानी पर्यटक से रिश्वत लेने के आरोप में ट्रैफिक पुलिस के एक जोनल अधिकारी, एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी मंगलवार को दी।

पर्यटक अपनी महिला साथी के साथ यात्रा कर रहा था, और महिला ने हेलमेट पहना हुआ था। यात्रा के दौरान पर्यटक ने जुर्माने के तौर पर पुलिसकर्मी को 1,000 रुपये दिए। पुलिसकर्मी को यह अहसास नहीं हुआ और उसने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया और तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो के बाद डीसीपी ट्रैफिक राजेश मोहन ने तीनों कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर दिया।

तीन कर्मचारियों हुए निलंबित

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में ट्रैफिक कर्मचारियों की गलत हरकत सामने आई है। पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप, डीसीपी ट्रैफिक गुरुग्राम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जोनल अधिकारी (जेडओ) ईएसआई करण सिंह, कांस्टेबल शुभम और होमगार्ड भूपेंद्र को निलंबित कर दिया है।”

भुगतान की कोई रसीद नहीं

पर्यटक द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में दिखाया गया कि एक पुलिसकर्मी ने महिला से पहचान पत्र मांगा और ₹1,000 की राशि की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि यदि अग्रिम राशि का भुगतान नहीं किया गया तो उन्हें अदालत में पेश होना पड़ेगा। जब पर्यटक ने ‘वीजा टच’ से भुगतान करने का प्रस्ताव रखा तो पुलिस ने उसे अस्वीकार कर दिया। इसके बाद पर्यटक ने नकद भुगतान की पेशकश की और दो 500 रुपये के नोट पुलिसकर्मी को दिए। भुगतान की कोई रसीद नहीं दी गई। पर्यटक ने यह भी बताया कि कई अन्य लोग बिना हेलमेट के वाहन चला रहे थे, लेकिन उन्हें पुलिस ने नहीं रोका।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article