पश्चिम बंगाल के रायगंज से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12 साल की नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर रेप और हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिलीप रॉय को पकड़ने के लिए टीम ने रविवार देर रात एक ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
चार दिनों से पुलिस कर रही थी तलाश
यह मामला बच्ची के लापता होने और दो दिन बाद उसका शव मिलने के बाद से ही चर्चा में था। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। चार दिनों की खोजबीन के बाद पुलिस को उसकी लोकेशन के बारे में सूचना मिली, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
दो दिन बाद जंगल में मिला था बच्ची का शव
जानकारी के मुताबिक, रायगंज की रहने वाली 12 साल की बच्ची 3 नवंबर को अपने घर से साइकिल लेकर निकली थी। परिवार के अनुसार, वह दोपहर में घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार परेशान हो गया। इसके दो दिन बाद पास के कुलिक जंगल में बच्ची का शव मिला। बताया गया कि शव की हालत काफी खराब थी। परिजनों ने बच्ची के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया। इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा और डर का माहौल बन गया।
पुलिस को मिली थी आरोपी के छिपे होने की जानकारी
बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांचकर्ताओं को जानकारी मिली थी कि आरोपी दिलीप रॉय रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है। यह भी सूचना मिली थी कि वह बिहार सीमा के रास्ते किसी दूसरे राज्य में भागने की कोशिश कर सकता है।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी ढेर
इसके बाद रविवार रात करीब 3 बजे पुलिस ने इलाके में ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जैसे ही आरोपी के पास पहुंची, उसने गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी की चलाई एक गोली पुलिस की गाड़ी के टायर में भी लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलीप रॉय को गोली लग गई। इसके बाद उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
क्या मामले में और लोग भी शामिल थे?
पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही थी कि बच्ची के साथ हुई वारदात में सिर्फ एक व्यक्ति शामिल था या फिर इसके पीछे और लोग भी थे। गैंगरेप की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही थी। हालांकि, आरोपी की मौत के बाद जांच से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद यह इस तरह का चौथा एनकाउंटर है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की आधिकारिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।
