शहर

MP News: कटनी में प्लास्टिक दुकान से 3 मंजिला इमारत में भड़की आग, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही इलाके में दीपावली की रात एक तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित प्लास्टिक व क्रॉकरी दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे में ऊपरी मंजिल पर फंसे एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

Image

दीवारें तोड़कर रेस्क्यू के बाद भी 6 की जान गई

Photo : ANI

Katni Fire News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से दीपावली के त्योहार के बीच एक बेहद दर्दनाक और दुखद घटना सामने आई है। जिले के बरही क्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बनी प्लास्टिक और क्रॉकरी के थोक सामान की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त इमारत की ऊपरी मंजिलों पर रह रहे परिवार के 6 सदस्य अंदर ही फंस गए, जिनकी इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। वहीं, 2 लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।

आधी रात 12:30 बजे भड़की आग, ज्वलनशील सामग्री ने बढ़ाई तबाही

घटना की जानकारी देते हुए कटनी के कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि दीपावली की रात एक बेहद दुखद हादसा घटित हुआ। एक रिहायशी-व्यावसायिक इमारत में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 2 लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। प्रशासन को आग लगने की पहली सूचना रात लगभग 12:30 बजे मिली थी, जिसके बाद 12:45 बजे दमकल की पहली गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कलेक्टर ने बताया कि आग की भयावहता को देखते हुए रात 1:30 बजे कंट्रोल रूम से अतिरिक्त दमकल गाड़ियों की मांग की गई, जिसके बाद आसपास के अन्य क्षेत्रों से भी अग्निशमन इकाइयां मौके पर भेजी गईं। निचली मंजिल में रखे प्लास्टिक और क्रॉकरी के अत्यधिक ज्वलनशील सामान के कारण आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप ले लिया कि उस पर तुरंत काबू पाना नामुमकिन साबित हुआ।

दीवारें तोड़कर चलाया गया रेस्क्यू, तड़के 5 बजे पहुंची SDRF की टीम

आग बुझाने के प्रयासों में स्थानीय निवासियों और क्षेत्र के युवाओं ने भी रात भर अभूतपूर्व सहयोग दिया और कड़ी मशक्कत की। जब आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया, तब अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए इमारत की दीवारें तोड़ी गईं। सुबह 5:00 बजे तक स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की पूरी टीम भी सभी आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन को अंतिम चरण तक पहुंचाया।

प्रशासन की ओर से पूरी मदद और आर्थिक सहायता का ऐलान

कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और राहत कार्यों की निगरानी कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से नियमानुसार हर संभव मदद, वित्तीय सहायता और पुनर्वास सहायता तत्काल प्रदान की जा रही है। इस भीषण दुर्घटना के बाद से बरही समेत पूरे कटनी जिले में दीवाली की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article