दिवाली पर पटाखे जलाते समय हुई एक छोटी सी गलती बड़ा हादसा बन सकती है। कई बार पटाखों की चिंगारी से घर में आग लग जाती है, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो जाता है। वहीं, गंभीर हादसे में परिवार के किसी सदस्य की जान भी जा सकती है। ऐसे मुश्किल समय में सवाल उठता है कि घर के नुकसान की भरपाई कौन करेगा और परिवार के सदस्य की मौत होने पर क्या इंश्योरेंस कंपनी पैसा देगी? दरअसल, ऐसे मामलों में अलग-अलग तरह की इंश्योरेंस पॉलिसी काम आती हैं।
घर में आग लगने पर कौन करेगा नुकसान की भरपाई?
अगर दिवाली पर पटाखे या रॉकेट की वजह से घर में आग लग जाती है, तो होम इंश्योरेंस आपकी मदद कर सकता है। इस पॉलिसी के तहत घर की बिल्डिंग को आग से हुए नुकसान का क्लेम मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए आपकी पॉलिसी में फायर कवर होना जरूरी है। अगर आपने घर के अंदर रखे सामान जैसे टीवी, फ्रिज, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दूसरी कीमती चीजों का भी बीमा कराया है, तो उनके नुकसान की भरपाई के लिए भी क्लेम कर सकते हैं। ध्यान रहे कि सिर्फ घर का बीमा होने से अंदर रखे सभी सामान का कवर अपने आप नहीं मिलता। इसके लिए पॉलिसी में होम कंटेंट कवर होना चाहिए।
परिवार के सदस्य की मौत पर मिलेगा टर्म इंश्योरेंस?
अगर पटाखे से हुए हादसे में किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को टर्म इंश्योरेंस का फायदा मिल सकता है। सामान्य तौर पर टर्म इंश्योरेंस में दुर्घटना से हुई मौत भी कवर होती है। ऐसे में पॉलिसीधारक की मृत्यु होने पर उसके नॉमिनी को पॉलिसी के मुताबिक बीमा राशि मिल सकती है। हालांकि, क्लेम का भुगतान पॉलिसी की शर्तों और उसमें दी गई छूट पर निर्भर करता है। अगर व्यक्ति ने अलग से एक्सीडेंटल डेथ राइडर लिया है, तो शर्तों के मुताबिक अतिरिक्त बीमा राशि भी मिल सकती है। इसके अलावा पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस में भी दुर्घटना से मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर आर्थिक मदद मिल सकती है।
10 रुपये वाला पटाखा बीमा भी आ सकता है काम
दिवाली के दौरान कुछ कंपनियां 10 रुपये से शुरू होने वाला फायरक्रैकर इंश्योरेंस भी देती हैं। यह एक शॉर्ट टर्म माइक्रो इंश्योरेंस है, जो सीमित दिनों के लिए सुरक्षा देता है। इसके तहत पटाखों से जलने या चोट लगने पर 10,000 से 25,000 रुपये तक का मेडिकल कवर और गंभीर दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी नुकसान पर 50,000 रुपये तक का फिक्स्ड क्लेम मिल सकता है। कुछ प्लान में परिवार के सदस्यों को भी कवर किया जाता है। हालांकि, यह बीमा घर या गाड़ी में आग लगने से हुए नुकसान की भरपाई नहीं करता।
इंश्योरेंस क्लेम के लिए क्या करना होगा?
हादसा होने पर सबसे पहले प्रभावित लोगों की सुरक्षा और इलाज का इंतजाम करें। इसके बाद संबंधित बीमा कंपनी को जल्द से जल्द सूचना दें। घर में आग लगने पर नुकसान की तस्वीरें, मरम्मत का अनुमान, पॉलिसी और जरूरत पड़ने पर फायर ब्रिगेड या पुलिस की रिपोर्ट संभालकर रखें। वहीं, मृत्यु के मामले में नॉमिनी को डेथ सर्टिफिकेट, पॉलिसी दस्तावेज और पहचान से जुड़े कागजात जमा करने पड़ सकते हैं। मेडिकल क्लेम के लिए अस्पताल के बिल और इलाज से जुड़े दस्तावेज जरूरी हो सकते हैं।
