बिजनेस

पटाखे जलाते समय घर में लगी आग तो कौन भरेगा नुकसान?

दिवाली पर पटाखे और दीये जलाते समय छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। ऐसे में अगर घर में आग लग जाए या किसी की जान चली जाए तो नुकसान की भरपाई कौन करेगा? जानिए इंश्योरेंस के नियम।

Image

पटाखे जलाते समय घर में लगी आग तो कौन भरेगा नुकसान?

दिवाली का त्योहार खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, लेकिन इस दौरान पटाखे जलाते समय कई बार हादसे भी हो जाते हैं। पटाखों की चिंगारी से घर में आग लग सकती है या किसी व्यक्ति को गंभीर चोट पहुंच सकती है। ऐसे में परिवार को न सिर्फ शारीरिक नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि इलाज और घर की मरम्मत पर भी काफी पैसा खर्च करना पड़ सकता है। हालांकि, अब ऐसे हादसों से होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने के लिए इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध है। खास बात यह है कि कुछ कंपनियां सिर्फ 10 रुपये से पटाखा बीमा यानी Firecracker Insurance दे रही हैं।

10 रुपये में कितने दिनों का मिलता है बीमा?

पटाखा बीमा एक तरह का माइक्रो इंश्योरेंस है, जिसे खासतौर पर दिवाली के दौरान होने वाले हादसों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह सालभर चलने वाला बीमा नहीं होता, बल्कि इसकी अवधि सीमित होती है। कुछ प्लान में 10 रुपये के प्रीमियम पर दिवाली के 10 दिनों तक सुरक्षा मिलती है। हालांकि, अलग-अलग कंपनियों के प्लान में प्रीमियम और बीमा की अवधि अलग हो सकती है। इस बीमा के तहत पटाखों से जलने या चोट लगने पर इलाज के लिए 10,000 से 25,000 रुपये तक का मेडिकल कवर मिल सकता है। इसके अलावा, गंभीर हादसे में मृत्यु या शरीर के किसी अंग को स्थायी नुकसान पहुंचने पर 50,000 रुपये तक का फिक्स्ड क्लेम मिल सकता है। यह रकम पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करती है।

परिवार के दूसरे सदस्यों को भी मिल सकता है फायदा

इस बीमा की एक खास बात यह है कि कुछ पॉलिसी में सिर्फ एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के दूसरे सदस्यों को भी सुरक्षा मिलती है। इसमें पति या पत्नी और बच्चों को भी कवर किया जा सकता है। हालांकि, बीमा खरीदते समय यह जरूर देखना चाहिए कि परिवार के कितने सदस्य इसमें शामिल हैं और किन परिस्थितियों में क्लेम मिलेगा। आमतौर पर अगर पटाखे से चोट लगने के बाद व्यक्ति को 24 घंटे से ज्यादा अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता है, तभी मेडिकल खर्च का लाभ मिलता है।

घर या कार में आग लगी तो कौन देगा पैसा?

यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है कि पटाखा बीमा घर या गाड़ी में होने वाले नुकसान की भरपाई नहीं करता। इसका मुख्य उद्देश्य व्यक्ति को चोट लगने और इलाज के खर्च से आर्थिक सुरक्षा देना है। अगर पटाखे की वजह से घर, फ्लैट या उसमें रखे सामान में आग लग जाती है, तो होम इंश्योरेंस के जरिए क्लेम किया जा सकता है। इसके लिए पॉलिसी में घर की बिल्डिंग के साथ फर्नीचर, टीवी, फ्रिज और दूसरे घरेलू सामान का कवर होना जरूरी है। वहीं, गाड़ी में आग लगने या नुकसान होने पर मोटर इंश्योरेंस के तहत क्लेम किया जा सकता है।

कहां से खरीद सकते हैं पटाखा बीमा?

PhonePe, CoverSure और Bajaj Finserv जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इस तरह के बीमा प्लान उपलब्ध कराए जाते हैं। इन्हें ऑनलाइन खरीदा जा सकता है। हालांकि, खरीदारी से पहले पॉलिसी की अवधि, कवरेज, क्लेम की शर्तें और बाहर रखी गई परिस्थितियों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है। अगर आपके पास पहले से पर्याप्त हेल्थ और पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस है, तो अलग से यह पॉलिसी लेने की जरूरत भी नहीं पड़ सकती। इसलिए सिर्फ 10 रुपये का प्रीमियम देखकर बीमा न खरीदें, बल्कि यह समझें कि जरूरत पड़ने पर उससे आपको कितना फायदा मिलेगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article