नोएडा

नोएडा में सनसनीखेज वारदात, पहले गर्लफ्रेंड की गला काटकर हत्या; फिर खुदकुशी की कोशिश

  • Agency by: IANS
  • Updated Mar 28, 2024, 02:19 PM IST

नोएडा में एक शख्स ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी आत्महत्या की कोशिश की, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

Noida

Photo : Times Now Digital

Noida Crime News: नोएडा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका की हत्या की और फिर खुदकुशी का प्रयास किया। फिलहाल, आरोपी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सेक्टर 63 की है घटना

घटना नोएडा सेक्टर 63 थाना इलाके की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, निशा (22) बुधवार रात को छिजारसी में रहने वाले धनंजय के कमरे पर गई थी। दोनों एक दूसरे को जानते थे। पुलिस ने बताया कि लोगों ने उसे कई बार धनंजय के कमरे में आते-जाते हुए देखा था। धनंजय पहले से शादी शुदा है और उसकी पत्नी गांव बलिया में रहती है।

पुलिस को दी गई सूचना

बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कमरे में एक युवती का शव मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के अंदर युवती का शव पड़ा देखा। शुरूआती जांच में सामने आया कि युवती के गले पर निशान है। आरोपी ने ब्लेड से युवती के गले पर वार किया था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले है। उससे कुछ दूरी पर धनंजय गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा मिला।

प्रेमी ने किया खुदकुशी का प्रयास

जांच में सामने आया कि उसने हत्या करने के बाद खुदकुशी का प्रयास किया था। उसने ब्लेड से अपना गला काटने की कोशिश की थी। खून निकलने की वजह से वह जमीन पर बेहोशी की हालत में गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल धनंजय को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया कि दोनों काफी दिनों से एक दूसरे को जानते थे, दोनों एक ही गांव के रहने वाले है। इस बात से धनंजय की पत्नी अनजान थी।

पुलिस कर रही जांच

दोनों के बीच क्या विवाद हुआ, इसको लेकर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। युवती के परिजनों को जानकारी दी गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि निशा ने अपने घर में बताया कि वह अपनी दोस्त कशिश से मिलने जा रही है। ये बहाना बनाकर वो धनंजय के घर पहुंची। बताया गया कि निशा आरोपी को चाचा बोलती थी। पुलिस धनंजय के होश में आने का इंतजार कर रही है।

End of Article