Noida News: नोएडा में एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है। इस फर्जी कॉल सेंटर से विदेशी नागरिकों को चूना लगाया जा रहा था। नोएडा पुलिस ने विदेशी नागरिकों को एंटीवायरस सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कई सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से दर्जनों डेस्कटॉप, राउटर और दो सर्वर बरामद किए। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस टीम, मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को नोएडा सेक्टर-2 के सी-37 में स्थित असिस्तरा ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सेकेंड फ्लोर से गिरफ्तार किया है।
विदेशी नागरिकों को लगाते थे चूना
पुलिस ने बताया कि यह सभी विदेशी नागरिकों को कॉल कर बताते थे कि हमारी कंपनी के पास मैकैफे/नॉर्टन नामक एंटीवायरस सॉफ्टवेयर है, जो लैपटॉप व कंप्यूटर में आने वाली समस्या का समाधान करता है। ये लोग इसे 100 से 500 डॉलर के प्रति वार्षिक पैकेज के लिए ऑफर पर देते थे।
पुलिस ने कहा कि जब विदेशी नागरिक इसके जाल में फंस जाते थे, तब यह अमेरिका के कॉलरों को लिंक उनकी ईमेल पर भेजकर रुपए ऐंठते थे। आरोपियों द्वारा ये कॉल सेंटर बिना किसी लाइसेंस के चलाया जा रहा था।
