Noida News: नोएडा से एक काफी हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नोएडा के थाना ईकोटेक-तीन क्षेत्र में तीन अप्रैल की रात में हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर में घूसकर 60 हजार रुपये नकद और नौ बकरियां लूट लीं। पुलिस ने बताया कि वह मामले की जांच कर रही है।
कार से चुराने आए बकरी
पुलिस ने बताया कि इस बारे में पीड़ित व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, कुलेसरा पुस्ता के पास रहने वाले सुभाष कुमार पुत्र लखपत के घर पर तीन अप्रैल की रात को हथियारबंद बदमाश पहुंचे और वहां बंधी नौ बकरियों को जबरन कार में भरना शुरू कर दिया।
बंदूक के दम पर लूट
शिकायत के मुताबिक, जब पीड़ित की मां मुन्नी देवी ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके गर्दन पर चाकू लगा दिया। मां के शोर मचाने पर उसका बेटा सुभाष भी मौके पर पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल सटाकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर कर दिया।
नकदी और बकरियों की लूट
पुलिस ने बताया कि इसके बाद बदमाश उसके घर में बंधी नौ बकरियों के अलावा अलमारी में रखे 60 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इस पर थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित ने थाने में चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
