शहर

Noida News: आपके शहर में सड़क बार-बार क्यों टूटती है? सड़क किस विभाग की जिम्मेदारी, शिकायत कहां करें?

Noida News: आप नोएडा में रहते हैं और आपके इलाके में बार-बार टूटती सड़कों और गड्ढों से आप परेशान हैं तो चलिए जानते हैं सड़क टूटने की वजहें, जिम्मेदार विभाग और शिकायत कहां करें।

Image

नोएडा में सड़कों पर गड्ढे की कम्पलेंट कहां करें?

Noida News: सड़क और गड्ढों का क्या नाता है, वह आपको आजकल नोएडा में साफ देखने को मिल जाएगा। नोएडा की जिस भी सड़क पर चले जाओ, वहां गड्ढे नजर आ ही जाते हैं। कुछ सड़कें तो गड्ढों के लिए बहुत ज्यादा बदनाम हैं। इन गड्ढों के चलते एक्सीडेंट का खतरा तो होता ही है, कार-बाइक और अन्य वाहनों को नुकसान भी पहुंचता है। इसके अलावा सड़क के गड्ढे सुबह और शाम के समय भारी ट्रैफिक जाम का कारण भी बनते हैं। पूरे नोएडा शहर में जहां भी चले जाएं, सड़कों पर गड्ढे दिख ही जाएंगे। क्या आपके इलाके में भी सड़क पर गड्ढे हैं? अगर हैं तो आप इसकी शिकायत करते हैं? क्या आपने जेहन में प्रश्न नहीं आता कि आखिर क्यों बार-बार सड़क टूट जाती है? शहर में सड़क बनाने की जिम्मेदारी किसकी है और शिकायत कहां और कैसे करें? चलिए जानते हैं -

सड़क बार-बार क्यों टूटती है?

वैसे तो इस प्रश्न का उत्तर अलग-अलग जगह पर अलग-अलग हो सकता है। सड़क टूटने की वजहें अलग-अलग हो सकती हैं। इस बारे में हमने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के इंडियन अकेडमी ऑफ हाईवे इंजीनीयर्स के डिप्टी डायरेक्टर सुनील कुमार गुप्ता से बात की। उन्होंने भी टाइम्स नाउ नवभारत से बात करते हुए यही बात कही कि हर जगह की सड़क टूटने की वजहें अलग-अलग हो सकती हैं। हालांकि, उन्होंने बताया कि आमतौर सड़क टूटने की जो कुछ वजहें होती हैं, उनमें सड़क पर ट्रैफिक का लोड कितना है? सड़क बनाने में किस क्वालिटी की निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है? और सड़क निर्माण को कितना समय हो गया है? इलाके में भारी बारिश या जलभराव जैसी वजहें शामिल हैं।

अगर आपके इलाके में सड़क टूटी है, सड़क पर गड्ढे हैं तो इसका कोई निश्चित और स्थानीय कारण होगा। आपके इलाके की सड़क बार-बार क्यों टूटती है? आपकी इस प्रश्न का सीधा उत्तर देना तो संभव नहीं है, लेकिन हम आपको बता सकते हैं कि सड़क टूटी है या बार-बार टूट रही है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? आप शिकायत कहां और कैसे कर सकते हैं।

सड़क बार-बार टूट जाती है, जिम्मेदार कौन?

क्योंकि हम नोएडा में सड़क टूटी होने या सड़कों पर गड्ढों की बात कर रहे हैं तो आपके इस प्रश्न का सीधा सा उत्तर है - नोएडा अथॉरिटी। जी हां, आपके इलाके में सड़क बनाने से लेकर उसके रखरखाव और रिपेयर तक की पूरी जिम्मेदारी नोएडा अथॉरिटी की है। सड़क से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या के लिए सीधे नोए़डा अथॉरिटी से प्रश्न पूछें और उन्हीं को शिकायत करें। क्योंकि आपको समाधान भी नोएडा अथॉरिटी से ही मिलेगा।

शिकायत कहां करें?

जिम्मेदारी किसकी? इस प्रश्न का उत्तर तो मिल गया। अब जानते हैं शिकायत कहां करें - सड़क टूटी होने या बार-बार टूटने पर आप नोएडा अथॉरिटी में कई माध्यमों से शिकायत कर सकते हैं। चलिए अब शिकायत के एक-एक चैनल के बारे में अलग से जानते हैं -

मैसेज के जरिए शिकायत

अगर आप अपने इलाके में सड़क में गड्ढे या सड़क टूटी होने की शिकायत मैसेज के जरिए करना चाहते हैं तो इसके लिए नोएडा अथॉरिटी ने Mobile Helpline नंबर भी जारी किया है। noidaauthorityonline.in के अनुसार आप अथॉरिटी के Helpline 9205559204 पर जियोटैग फोटो के साथ अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

कॉल सेंटर पर करें शिकायत

सड़क से जुड़ी किसी भी तरह की शिकायत के लिए नोएडा अथॉरिटी के कॉल सेंटर में भी आप अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए अथॉरिटी के कंट्रोल रूम में 0120-2425025, 0120-2425026, और 0120-2425027 नंबरों पर कॉल कर सकते हैं।

सोशल मीडिया पर शिकायत

आप चाहें तो सड़क से जुड़ी शिकायतें नोएडा अथॉरिटी के सोशल मीडिया (X) हैंडल @noida_authority पर अपनी शिकायत पोस्ट कर सकते हैं। अथॉरिटी के सोशल मीडिया हैंडल पर शिकायत से जुड़ी फोटो और वीडियो के साथ टूटी सड़क या सड़क के गड्ढों की सही-सही लोकेशन के बारे में पोस्ट कर सकते हैं।

जनसुनवाई पोर्टल पर करें शिकायत

यही नहीं अगर स्थानीय स्तर पर आपकी शिकायत का समाधान नहीं होता है तो आप राज्य सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर भी सभी दस्तावेजों के साथ अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के लिए यहां क्लिक करें

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article