शहर

शादी के महज एक महीने बाद नोएडा में नवविवाहिता ने 16वीं मंजिल से कूदकर दी जान; मायके वालों ने पति पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में 24 वर्षीय नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से कूदने के बाद मौत हो गई। कामिनी की शादी करीब एक महीने पहले हुई थी और पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त वह अपने पति के साथ फ्लैट में रह रही थी। मायके वालों ने पति पर दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

नोएडा की डिवाइन मीडोज सोसाइटी में दर्दनाक हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Noids News: नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में नवविवाहिता ने 16वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 24 वर्षीय कामिनी कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब एक महीने पहले 11 जुलाई को हुई थी। थाना प्रभारी सेक्टर 39 डीपी शुक्ला ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कामिनी ने सोसाइटी के लिली टावर की 16वीं मंजिल से छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में आगे की कार्रवाई जारी

थाना सेक्टर-39 के प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि कामिनी मूल रूप से एटा की रहने वाली थी और अपने पति मंथन धीमान के साथ सेक्टर-108 स्थित सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1602 में किराये पर रह रही थी। मंथन मूल रूप से देहरादून का निवासी है और एक प्राइवेट कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है।

कुछ समय पहले कामिनी ने छोड़ दी थी नौकरी

पुलिस के मुताबिक, मंथन ने पूछताछ में बताया है कि कामिनी पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थी और उसका इलाज चल रहा था। कामिनी पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले भी नोएडा पहुंचे। परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!