नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और नोएडा अथॉरिटी ने मिलकर एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए दिल्ली-NCR में 25 ई-बस रूट तय किए हैं। इन बसों के संचालन से गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ समेत कई शहरों से एयरपोर्ट तक लोग आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। इससे यात्रियों को किफायती यात्रा की भी सुविधा मिलेगी।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कुल 25 ई-बस रूट संचालित किए जाएंगे। इन रूटों को ऐसे तैयार किया गया है कि विभिन्न शहरों और कस्बों से यात्री सीधे या फीडर सेवा के माध्यम से एयरपोर्ट तक पहुंच सके। इन रूटों को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। शुरुआत में इन रूट्स पर बसों को ट्रायल के तौर पर चलाया जाएगा, जिसके बाद इनका नियमित संचालन शुरू होगा।
गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
इस योजना के तहत गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ जिले के लिए स्पेशल रूट फाइनल किए गए हैं। गाजियाबाद के लिए तीन प्रमुख ई-बस रूटों को तैयार किया गया है। जिनमें नोएडा से कौशांबी, नोएडा से गाजियाबाद वाया सिकंदराबाद और नोएडा से गाजियाबाद वाया लालकुआं रूट शामिल हैं। इसके अलावा जेवर से इंदिरापुरम तक भी ई-बस सेवा उपलब्ध कराने की योजना है।
हापुड़ में ये ई-बसें परी चौक, नोएडा, विजयनगर, लालकुआं, डासना और पिलखुआ होते हुए चलाई जाएंगी। वहीं मेरठ के लिए परी चौक, इंदिरापुरम, मोहन नगर, मुरादनगर और मोदीनगर से होते हुए बसों का संचालन होगा। इससे गाजियाबाद के लोगों को भी सीधा फायदा मिल सकेगा, इससे कई बसें शहर के अहम इलाकों से होकर गुजरेंगी।
इन जगहों पर होंगे बस स्टॉप
नोएडा से कौशांबी रूट पर बसों को परी चौक, सेक्टर-62, इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली से होकर चलाया जाएगा। वहीं नोएडा से गाजियाबाद वाया सिकंदराबाद रूट में दादरी और गाजियाबाद प्रमुख स्टॉप तय किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट शुरू होते ही लोगों को किसी तरह की कोई समस्या न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं। इन ई-बस सेवाओं का ट्रायल जल्द ही शुरू होने की संभावना है।
अधिकारियों का कहना है कि पहले कई एयरपोर्ट्स पर अच्छी कनेक्टिविटी न होने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले ही बस सेवाओं की तैयारी पूरी की जा रही है। इससे लोगों की निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा।
