शहर

अगले 7 दिन नहीं थमेगी बादलों की रफ्तार, छत्तीसगढ़, मुंबई, गुजरात और कर्नाटक तक बारिश होगी मूसलाधार: IMD का बड़ा अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 7 दिन दक्षिण के राज्यों के लिए भारी अलर्ट जारी किया है। मुंबई, गोवा और गुजरात में रेड अलर्ट जैसा हाल रहने वाला है। IMD ने चेतावनी दी है कि अगले 7 दिनों तक गोवा, महाराष्ट्र (मुंबई सहित) और गुजरात राज्य में बारिश का दौर बेहद सक्रिय रहेगा।

Image

अगले 7 दिन का मौसम

नई दिल्ली : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को अलर्ट रहने की जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और यह धीरे-धीरे कमजोर होते हुए 18 अगस्त की सुबह तक गुजरात पहुंचकर अवशिष्ट चक्रवाती परिसंचरण में तब्दील हो जाएगा।

मुंबई, गोवा और गुजरात में रेड अलर्ट जैसा हाल

  • IMD ने चेतावनी दी है कि अगले 7 दिनों तक गोवा, महाराष्ट्र (मुंबई सहित) और गुजरात राज्य में बारिश का दौर बेहद सक्रिय रहेगा।
  • 16-19 अगस्त: कोंकण (मुंबई सहित) और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा।
  • 16 और 18-20 अगस्त: गुजरात क्षेत्र में जोरदार बारिश।
  • 19-20 अगस्त: सौराष्ट्र और कच्छ में मूसलधार बरसात और बाढ़ जैसे हालात बनने की संभावना।

दक्षिण भारत में भी भारी बारिश की चेतावनी

  • IMD ने बताया कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
  • 16-17 अगस्त: तेलंगाना में अत्यधिक भारी वर्षा।
  • 18-19 अगस्त: तटीय कर्नाटक में मूसलाधार बारिश।
  • 18 अगस्त: दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी तेज बरसात।

पूर्वी भारत पर नया खतरा – बंगाल की खाड़ी में बनेगा नया सिस्टम

विभाग ने बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि 18 अगस्त के आसपास ओडिशा तट से दूर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों – ओडिशा, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ – में बारिश की गतिविधियां और तेज हो जाएंगी।

जनता को अलर्ट रहने की अपील

IMD ने आम जनता और प्रशासन को चेताया है कि इस दौरान नदी-नालों में जलस्तर बढ़ सकता है, शहरी इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक अव्यवस्था जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। तटीय और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और समुद्र में ऊंची लहरों का खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखें।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!