शहर

Muzaffarpur: स्कूल जा रही दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला, बाइक सवार मौके से फरार, आरोपी की तलाश जारी

मुजफ्फरपुर में स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार ने कथित तौर पर ब्लेड से हमला कर दिया। दोनों के हाथ में चोट आई। उनका प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Image

मुजफ्फरपुर में दो छात्राओं पर हमला (सांकेतिक फोटो)

Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूल जा रही दो मासूम छात्राओं पर एक बाइक सवार ने अचानक ब्लेड से हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है। इस घटना के बाद एक बार फिर स्कूल-कॉलेज जाने वाली बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कमालपुर विद्यालय के पास ब्लेड से हमला

यह घटना मुजफ्फरपुर के बरूराज थाना क्षेत्र के तहत आने वाले कमालपुर विद्यालय के पास हुई। दोनों छात्राएं रोजाना की तरह ही स्कूल में पढ़ने के लिए जा रही थीं, तभी रास्ते में एक बाइक सवार वहां पहुंचा। आरोपी ने अचानक दोनों छात्राओं पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने छात्राओं का बयान दर्ज कर FIR दर्ज कर ली है।

छात्राओं के हाथों में आई चोट

पश्चिमी अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) सुचित्रा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बाइक सवार ने दोनों छात्राओं पर ब्लेड से वार किया, जिससे उनके हाथों में चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद दोनों घायल छात्राओं को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

छेड़खानी के आरोप की जांच कर रही पुलिस

वहीं, कुछ स्थानीय समाचार माध्यमों और रिपोर्ट्स में इस घटना के पीछे छेड़खानी की बात भी सामने आ रही है। जिसपर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छेड़खानी के एंगल और आरोप की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। छात्राओं के बयानों और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आरोपी बाइक सवार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article