Muzaffarpur News: बिहार में पिछले कुछ दिनों से महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर का है, जहां एक नाबालिग लड़की से छेड़खानी और मारपीट की घटना हुई। 23 सितंबर को हुई इस घटना की CCTV Footage अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
बिहार में प्रमुख विपभी पार्टी RJD ने घटना के 4 दिन बाद सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सरकार को घेरा है। हालांकि, बिहार पुलिस का कहना है कि इस घटना के आरोपी ललित कुमार को घटना वाले दिन ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पुलिस के अनुसार यह मामला नगर थाना क्षेत्र के चंदवारा इलाके का है। नाबालिग लड़की से छेड़खानी और मारपीट की यह घटना 23 सितंबर 2026 को हुई थी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग लड़की को घर से खींचकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। जब नाबालिग ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। नाबालिग को बचाने के लिए पहुंची उसकी दो बहनों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान ललित कुमार के रूप में करते हुए उसे गिरफ्तार किया और उसी दिन जेल भेज दिया था। पीड़ित नाबालिग की मां ने आरोपी पर लगभग 3 महीने से परेशान करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आरोपी लगातार उनकी बेटियों को परेशान कर रहा था।
पीड़ित की मां ने बताया कि माला 23 सितंबर को उस समय बढ़ गया, जब नाबालिग लडकी के साथ छेड़खानी की गई और आरोपी उसे जबरन ले जाने की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर उसने मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित नाबालिग की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी ललित कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
SDPO टाउन सुरेश कुमार का कहना है कि 23 सितंबर को ही इस मामले की सूचना मिली थी। नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
