शहर

Sultanpur News: सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, स्कूल परिसर में मिले शव

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर के कुंभी दड़िया गांव में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है। पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की जांच कर रही है।

Image

सुल्तानपुर में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और उनकी पत्नी की हत्या

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। दंपती के शव आज यानी मंगलवार 29 सितंबर की सुबह कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी दड़िया गांव स्थित उनके निजी स्कूल परिसर में खून से लथपथ मिले। बता दें कि दंपति यहां अपना एक प्राइवेट स्कूल चलाते थे।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय मुकेश सिंह और उनकी 42 वर्षीय पत्नी विनीता के रूप में हुई है। मुकेश सरकारी स्कूल में हेडमास्टर थे, जबकि विनीता उनके अपने प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल थीं। पुलिस को घटनास्थल से कुल्हाड़ी, फावड़ा और चाकू मिले हैं। फिलहाल इस हत्याकांड के पीछे की वजह साफ नहीं है।

सबसे पहले स्कूल कर्मचारियों ने देखे शव

पुलिस के मुताबिक, मुकेश सिंह ने साल 2002 में कुंभी दड़िया गांव में एक निजी शिक्षण संस्थान की स्थापना की थी। वह अपनी पत्नी के साथ स्कूल परिसर में ही रहते थे। मंगलवार सुबह जब स्कूल के कर्मचारी पहुंचे, तो उन्होंने परिसर में दंपती के शव पड़े देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि हत्या सोमवार रात हुई या मंगलवार सुबह। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पत्नी से 150 मीटर दूर मिला पति का शव

शुरुआती पुलिस आकलन के अनुसार, पत्नी विनीता पर स्कूल परिसर के एक कमरे में कुल्हाड़ी, फावड़े और संभवतः अन्य हथियारों से हमला किया गया। वहीं, मुकेश सिंह का शव उनकी पत्नी के शव से लगभग 150 मीटर की दूरी पर मिला।

घटनास्थल से कुल्हाड़ी, फावड़ा और चाकू बरामद किए गए हैं। हालांकि, वारदात में इन हथियारों की भूमिका और हत्या के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

दिल्ली में पढ़ रहा है दंपती का बेटा

Sultanpur Double Murder की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मृतक दंपती के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही थी। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दंपती का 20 साल का बेटा अभ्युदय दिल्ली की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article