Muzaffarpur Lok Sabha Seat: देशभर में सात चरणों में लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। अब तक चार चरण का मतदान पूरा हो चुका है और पांचवें चरण की वोटिंग होनी है। पांचवें चरण में आठ राज्यों की 49 लोकसभा सीटों पर चुनाव होगा। इसी में बिहार की मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट (Muzaffarpur Lok Sabha Seat) भी शामिल है, जहां पांचवें चरण में मतदान होगा। आइए जानते हैं कि मुजफ्फरपुर में कौन प्रमुख उम्मीदवार हैं और कितने तारीख को चुनाव है। बता दें कि मुजफ्फरपुर की पहचान शाही लीची के लिए पूरी दुनिया में होती है। साथ ही मुजफ्फरपुर की धरती रामबृक्ष बेनीपुरी, जानकी वल्लभ शास्त्री और क्रांतिका री खुदीराम बोस जैसे लोगों के लिए जानी जाती है। मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट से जॉर्ज फर्नान्डिस और जय नारायण जैसे दिग्गज नेता कई बार सांसद रहे हैं। फिलहाल मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur Lok Sabha Seat) के सांसद अजय निषाद हैं, जो भाजपा के टिकट पर जीते थे, लेकिन अब वह भाजपा से बाहर निकल चुके हैं। मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट के तहत 13,39,949 वोटर्स आते हैं। साथ ही मुजफ्फरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में छह विधानसभा सीटें आते हैं, जिनमें गायघाट, औराई, बोचहां, सकरा, कुढ़नी और मुजफ्फरपुर विधानसभाएं शामिल हैं।
मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र मतदान तारीख (Muzaffarpur Lok Sabha Election Polling Date)
बिहार की मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट पर पांचवें चरण में मतदान होगा। पांचवें चरण का मतदान 20 मई को होगा। यानी कि मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र में 20 मई को मतदान होगा। इस दिन मुजफ्फरपुर से चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र में कब होगी मतगणना (Muzaffarpur Lok Sabha Election Result Date)
देशभर में सात चरणों में मतदान होने के बाद चार जून को एक साथ सभी लोकसभा सीटों पर मतगणना की जाएगी। इसी दिन मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट पर भी मतगणना होगी और चार जून को ही पता चलेगा कि मुजफ्फरपुर से कौन प्रत्याशी संसद तक का सफर तय करते हैं।
मुजफ्फरपुर के प्रमुख उम्मीदवार (Key Candidates of Muzaffarpur Lok Sabha 2024)
मुजफ्फरपुर में इस बार काफी दिलचस्प मुकाबला है। यहां से इस बार भाजपा ने वर्तमान सांसद अजय निषाद का टिकट काट दिया, जिसके बाद अजय निषाद भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। वहीं, भाजपा ने इस बार मुजफ्फरपुर से राज भूषण निषाद को टिकट देकर मैदान में उतारा है। इधर, भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए अजय निषाद को कांग्रेस से टिकट दिया गया है, जिसके बाद अब वह अपनी पुरानी पार्टी के खिलाफ मैदान में हैं। माना जा रहा है कि इस सीट पर अजय निषाद और राज भूषण निषाद के बीच मुकाबला है।
- राज भूषण निषाद-भाजपा/INDIA
- अजय निषाद-कांग्रेस/NDA
मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र में पिछले चुनाव (2019) का रिजल्ट
मुजफ्फरपुर में 2019 में भाजपा उम्मीदवार अजय निषाद ने जीत दर्ज की थी। अजय निषाद ने बड़ी मार्जिन से अपने विरोधी को हराया था। अजय निषाद को 6,66,878 वोट मिले थे। वहीं, वीआईपी के टिकट से चुनाव लड़ रहे राज भूषण चौधरी को 2,56,890 मत प्राप्त हुए थे। हालांकि, इस बार (2024) में अजय निषाद कांग्रेस से ताल ठोक रहे हैं।
