Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में कथित धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंसूरपुर इलाके में लोगों को कथित रूप से लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने की कोशिश के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें 5 महिलाएं भी सामिल हैं। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन डायरी, तीन धार्मिक किताबें और छह मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं।
हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने की छापेमारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में पुलिस ने कुछ हिंदूवादी संगठनों की शिकायत पर शनिवार को एक स्थान पर छापा मारा, जहां सभा आयोजित की जा रही थी। इस सभा में लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म में दाखिल कराने की कोशिश करने के आरोप में पांच महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
कुमार ने बताया कि पुलिस ने ’उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन निषेध अधिनियम, 2021’ की सुसंगत धाराओं के तहत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनमें से 12 को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि सभा के लिए जगह उपलब्ध कराने वाले दो लोग राशिद और मोनिस फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
फुलात गांव में भी धर्मांतरण कराने का आरोप
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक अन्य घटना में पुलिस ने शनिवार को जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र के फुलात गांव में हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण कराने के आरोप में मदरसा दारुल उलूम रहीमा के प्रभारी मौलाना हिफ्जुर्रहमान और उसके बेटे जुबैर अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि दोनों फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वे मुजफ्फरनगर जिले के फुलात गांव में हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण कराने में सक्रिय पाए गए थे।
(इनपुट- भाषा)
